
John Cusack first Hollywood star speak on CJP protests in India: भारत में चल रहे CJP के नेतृत्व वाले छात्र आंदोलन को अब इंटरनेशनल लेवल पर भी प्रतिक्रिया मिलने लगी है। हॉलीवुड एक्टर जॉन क्यूसैक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर कर छात्र प्रदर्शन के प्रति अपनी एकजुटता जताई है। उनकी पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है, जिसमें जॉन क्यूसैक को भारत में चल रहे इस आंदोलन पर सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया देने वाले पहले प्रमुख हॉलीवुड सितारों में गिना जा रहा है।
हॉलीवुड एक्टर जॉन क्यूसैक ने बुकर अवॉर्ड विनर और राइटर सामाजिक कार्यकर्ता अरुंधति रॉय के एक नोट पर शेयर किया है, जिसका टाइटल 'Cockroach Democracy: Unarmed and Dangerous' था। पोस्ट के साथ उन्होंने रिशेयर कर लिखा, "मेरे पसंदीदा साथी कॉकरोच से खूबसूरत खबर।" उनके इस नोट को कई यूजर्स ने छात्र आंदोलन के समर्थन के रूप में देखा, जबकि कुछ लोगों ने इस पर अलग-अलग राय भी व्यक्त की।
भारत के किसी सामाजिक और राजनीतिक मुद्दे पर जॉन क्यूसैक की ये पहली प्रतिक्रिया नहीं है। इससे पहले साल 2019 में नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के विरोध के दौरान भी उन्होंने छात्रों के समर्थन में पोस्ट किए थे। उस समय उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए थे। इधर, दिल्ली में CJP के नेतृत्व में जारी प्रदर्शन लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और NEET परीक्षा से जुड़े विवादों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। बता दें, आंदोलन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च भी निकाला गया, जिसके दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की घटनाएं सामने आईं।
इस पर पुलिस का कहना है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने निर्धारित नियमों का उल्लंघन किया और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी। तो वहीं, प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया गया। सोशल मीडिया पर वायरल कई वीडियो में लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के सीन भी दिखाई दिए, जिनको लेकर बहस तेज हो गई है।
बता दें, बीते दिनों सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस आंदोलन से जुड़े और उन्होंने जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल शुरू की थी। विपक्षी नेताओं ने भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। तो वहीं संसद मार्ग पर हुई ताजा झड़प में पुलिस और प्रदर्शनकारियों, दोनों पक्षों के घायल होने की खबरें सामने आईं। दरअसल, हॉलीवुड एक्टर जॉन क्यूसैक की पोस्ट के बाद ये मुद्दा अब वैश्विक स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर लोग उनके समर्थन और भारत में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।