मनोरंजन

‘पति को दारू पी के मारना है’, बिहार की साक्षी झा के ‘इंडिया गॉट लेटेंट’ ऑडिशन ने छेड़ी बहस, बोलीं- सभी पुरुषों से नफरत

Sakshi Jha India Got Latent Audition: समय रैना के शो में बिहार से एक ऐसी महिला टीचर आईं जिन्होंने अपनी पुरुष प्रधान वाली सोच के लिए नफरत खुलकर दिखाई।
2 min read
• •
Updated: 18 Jul 2026, 10:24 AM IST
Sakshi Jha India Got Latent Audition
साक्षी झा का ऑडिशन विवादों में (सोर्स- Instagram/Netflix)

Sakshi Jha India Got Latent Audition: नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर स्ट्रीम हो रहे 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' का तीसरा एपिसोड एक बार फिर विवादों के कारण चर्चा में है। इस बार सुर्खियों में कोई सेलिब्रिटी नहीं बल्कि बिहार की रहने वाली कंटेस्टेंट साक्षी झा हैं। उनके ऑडिशन के दौरान दिए गए कुछ बयानों ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी है। शो में मौजूद सभी पैनलिस्टों ने उन्हें शून्य अंक दिए और दर्शकों ने भी उनकी परफॉर्मेंस पर मिलती-जुलती प्रतिक्रिया दी।

बिहार से आईं टीचर, लेकिन बयान से मचा बवाल

साक्षी झा पेशे से एक टीचर हैं और सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहती हैं। इंस्टाग्राम पर वो खुद को पुरुष प्रधान वाली सोच का सबसे बुरा सपना बताती हैं। शो में एंट्री के दौरान उन्होंने खुद को 'मैन हेटर' यानी पुरुषों से नफरत करने वाली कहा और अपने जीवन के लक्ष्य वाले कॉलम में ऐसा जवाब दिया जिसने सभी का ध्यान खींच लिया।

उन्होंने बातचीत के दौरान पुरुषों को लेकर कई तीखी बातें कहीं। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने पिता और भाई तक से लगाव नहीं है। उनके इन बयानों से मंच पर मौजूद पैनलिस्ट हैरान रह गए और माहौल असहज हो गया।

समय रैना समेत सभी जजों ने दिए जीरो अंक

ऑडिशन खत्म होने के बाद शो के सभी पैनलिस्टों ने साक्षी झा को 0 अंक दिए। खास बात यह रही कि साक्षी ने खुद अपनी परफॉर्मेंस को 8 अंक दिए थे। बाद में जब समय रैना ने दर्शकों से उनकी रेटिंग पूछी तो ऑडियंस ने भी एक सुर में "जीरो" बोलकर प्रतिक्रिया दी। इस तरह वह इस सीजन की पहली कंटेस्टेंट बन गईं जिन्हें सभी जजों से शून्य अंक मिले।

सोशल मीडिया पर बंटी राय

एपिसोड रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर साक्षी झा का ऑडिशन तेजी से वायरल हो गया। कई यूजर्स ने उनके बयानों को पुरुषों के प्रति पूर्वाग्रह वाला बताया। कुछ लोगों का कहना था कि इस तरह के विचार समाज में नफरत बढ़ाते हैं, जबकि कुछ यूजर्स ने इसे तथाकथित कट्टर नारीवाद का उदाहरण बताया।

हालांकि, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि रियलिटी शो में कंटेस्टेंट अक्सर चर्चा बटोरने के लिए विवादित बयान देते हैं और इसे उसी नजरिए से देखा जाना चाहिए। फिलहाल शो के इस एपिसोड को लेकर इंटरनेट पर बहस जारी है।

इंडियाज गॉट लेटेंट फिर विवादों में

'इंडियाज गॉट लेटेंट' का दूसरा सीजन लगातार अपने कंटेंट और कंटेस्टेंट्स के कारण सुर्खियां बटोर रहा है। हर नए एपिसोड में किसी न किसी बयान या विवाद की चर्चा सोशल मीडिया पर देखने को मिल रही है। तीसरे एपिसोड में साक्षी झा का ऑडिशन भी अब इसी सूची में शामिल हो गया है।

Updated on:
18 Jul 2026, 10:24 AM IST
Published on: