मनोरंजन

सिया की चेतन के साथ सीक्रेट शादी के दावे पर भड़कीं कंगना रनौत, बोलीं- जेल से बचने के लिए रूढ़िवादी जिंदगी जियो

Kangana Ranaut On Ketan Agarwal Murder Case: केतन अग्रवाल की मौत मामले में आए दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में सिया गोयल की शादी के दावों पर कंगना रनौत ने रिएक्शन दिया है।
2 min read
Jul 08, 2026
Ketan Agarwal Murder Case
Ketan Agarwal Murder Case (सोर्स- @kanganaranaut)

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए दावे और खुलासे सामने आ रहे हैं। इस बीच बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है। ये पोस्ट उस समय सामने आया है, जब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि हत्या के आरोपियों सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर वारदात से पहले गुपचुप शादी कर ली थी। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल ऐसे किसी दावे की पुष्टि नहीं की है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल फोन से मिले व्हाट्सएप चैट और दूसरे डिजिटल सबूतों की जांच के दौरान उनके रिश्ते से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई हैं। इसी बीच गुप्त विवाह की खबरें भी सोशल मीडिया और कई रिपोर्ट्स में तेजी से वायरल हुईं। हालांकि, इस मामले में आधिकारिक तौर पर अभी तक कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है।

कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर दिया रिएक्शन

इसी बीच कंगना रनौत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर युवाओं, आधुनिक रिश्तों और डिजिटल लाइफस्टाइल को लेकर एक लंबा संदेश साझा किया। कंगना रनौत ने लिखा, 'व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, डेटिंग ऐप्स, बेंचिंग, घोस्टिंग, डबल और ट्रिपल डिजिट बॉडी काउंट, क्रम्बिंग, सीइंग, टेस्टिंग, फिल्टर्स, स्टोरीज, ड्रग्स, क्लब… यह सब और भी बहुत कुछ होने के बावजूद भी लोगों को लगता है कि ये काफी नहीं है।'

इसके बाद उन्होंने आगे लिखा, 'जिस जुनून का कोई लक्ष्य या उद्देश्य नहीं होता, वह अक्सर खुद को नुकसान पहुंचाने वाले कई बेतरतीब रूप ले लेता है। इसलिए किसी करियर या किसी हुनर को लेकर जुनूनी होना जरूरी है। मैं युवाओं से कहना चाहती हूं कि अपनी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा में लगाइए। खुले दिमाग से सोचिए, लेकिन जीवन में पारंपरिक (कंजरवेटिव) मूल्यों को अपनाकर चलिए। इससे आप जेल, बोरियत, नकारात्मकता, अवसाद और ऐसी कई परेशानियों से बच सकते हैं।'

क्या है पूरा मामला?

उधर, इस पूरे मामले पर पुणे ग्रामीण पुलिस ने साफ किया है कि अब तक की जांच में सिया गोयल और चेतन चौधरी की शादी होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि ये दावा कहां से सामने आया और किस आधार पर फैलाया गया, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने कहा कि फिलहाल उनके पास ऐसी कोई पुष्टि करने वाला साक्ष्य मौजूद नहीं है। उन्होंने बताया कि यदि जांच के दौरान भविष्य में इस तरह का कोई प्रमाण मिलता है तो उचित समय पर मीडिया के साथ साझा किया जाएगा।

फिलहाल मामले की जांच जारी

फिलहाल केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जारी है और पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल डेटा और दूसरे तकनीकी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है। वहीं, कंगना रनौत के सोशल मीडिया पोस्ट ने इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर चल रही चर्चा को और तेज कर दिया है। दूसरी ओर, कथित गुपचुप शादी की खबरों को लेकर पुलिस का रुख साफ है कि अभी तक ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं हुई है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

Updated on:
08 Jul 2026 01:50 pm
Published on:
08 Jul 2026 01:15 pm