मनोरंजन

‘केतन अग्रवाल को पहले ही समझ क्यों नहीं आया?’, दिशा पाटनी की बहन खुशबू ने सिया गोयल केस पर कही बड़ी बात

Pune Businessman Murder Mystery: पुणे के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल के हत्याकांड को लेकर अब खुशबू पाटनी ने अपना रिएक्शन दिया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
3 min read
Jun 26, 2026
Ketan Agarwal Murder Case
Ketan Agarwal Murder Case (सोर्स- @khushboo_patani)

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी सिया गोयल के बयानों ने इस मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है। अब जांच में ऐसी बातें सामने आ रही हैं, जिनसे पता चलता है कि हत्या की साजिश कथित तौर पर काफी पहले से रची जा रही थी। हालांकि, पुलिस अभी इन सभी दावों की जांच कर रही है और अंतिम निष्कर्ष आना बाकी है।

खुशबू पाटनी ने प्रतिक्रिया

दिशा पाटनी की बहन और सामाजिक कार्यकर्ता खुशबू पाटनी ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी एक अपराध के आधार पर पूरे समाज या किसी एक वर्ग को कटघरे में खड़ा करना गलत है। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे पुरुष हो या महिला, उसे कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने युवाओं को रिश्ते तय करने से पहले एक-दूसरे की पृष्ठभूमि, व्यवहार और अनुकूलता को समझने की सलाह दी।

उन्होंने कहा, 'सोचिए सिया ने केतन को कितनी बार रेड फ्लैग्स दिखाए। उसने उसका पासपोर्ट तक फाड़ दिया। एक बार तो किले से धक्का देने की भी कोशिश की, लेकिन वो बच गया क्योंकि वो पेड़ में अटक गया। इतना ही नहीं, उसने अपने कथित प्रेमी चेतन के साथ करीब दो हजार घंटे तक बातें भी कीं। इतने सारे रेड फ्लैग्स होने के बावजूद केतन उन्हें समझ नहीं पाए। शायद इसलिए कहा जाता है कि प्यार सच में अंधा होता है।

चाहे आप लड़के हों या लड़की, जीवनसाथी चुनते समय केवल भावनाओं में न बहें। रिश्ते से पहले उसकी कंपैटिबिलिटी, बैकग्राउंड और व्यवहार को अच्छी तरह समझें। हां, रिश्तों में दयालुता और संवेदनशीलता भी उतनी ही जरूरी है।

विग पहनने की बात से बदल गया रिश्ता?

पुलिस पूछताछ के दौरान सिया गोयल ने दावा किया कि केतन अग्रवाल गंजे थे और अपने बाल छिपाने के लिए विग पहनते थे। सिया का कहना है कि जब उसे इस बात का पता चला तो उसने उनसे शादी करने का मन बदल लिया। हालांकि, यह दावा फिलहाल केवल आरोपी के बयान पर आधारित है और इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जांच अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में सिया लगातार नए-नए दावे कर रही है, जिनकी अलग-अलग स्तर पर जांच की जा रही है।

ट्रेकिंग की तस्वीर देखकर बनाया कथित प्लान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केतन को ट्रेकिंग का काफी शौक था। सिया ने सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर देखी थी, जिसमें वह किले की ऊंची चट्टान के किनारे बैठे दिखाई दे रहे थे। जांच में सामने आया है कि इसी तस्वीर को देखने के बाद कथित तौर पर उसे उन्हें खाई में धक्का देकर मारने का विचार आया।

बताया जा रहा है कि यदि यह योजना सफल नहीं होती, तो हत्या को दुर्घटना का रूप देने की भी कथित तैयारी थी। पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है।

पहली कोशिश नाकाम, फिर दोबारा बनाई योजना

जांच में सामने आया है कि 14 जून को सिया कथित तौर पर केतन को लोहागढ़ ट्रेक पर लेकर गई थी। लेकिन उस समय कथित योजना पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद 19 जून को परिवार के साथ जन्मदिन मनाने का कार्यक्रम होने के बावजूद सिया ने 18 जून को फिर से ट्रेकिंग पर जाने की जिद की।

पुलिस अब इन घटनाओं के बीच संबंध तलाश रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह सब पहले से तय योजना का हिस्सा था।

'मैंने सब सच बता दिया था'

पूछताछ में सिया ने ये भी दावा किया कि सगाई के बाद उसने केतन को चेतन चौधरी के साथ अपने संबंधों के बारे में सब कुछ बता दिया था। इसके बावजूद केतन शादी करने पर अड़े रहे। वहीं जांच एजेंसियों के मुताबिक, सह-आरोपी चेतन चौधरी और सिया एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, जिससे मामले की गुत्थी और उलझती जा रही है।

परिवार का दर्द भी आया सामने

इस बीच आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में केतन की मौत पर दुख जताया। वहीं सिया की मां ने कहा कि यदि उनकी बेटी दोषी साबित होती है, तो कानून उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे।

फिलहाल पुलिस की जांच अभी जारी

फिलहाल पुलिस इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के हर पहलू की जांच कर रही है। आरोपी के बयानों, डिजिटल सबूतों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य गवाहों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में कई दावे सामने आए हैं, लेकिन अंतिम सच्चाई अदालत और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

Updated on:
26 Jun 2026 02:33 pm
Published on:
26 Jun 2026 02:25 pm