
Kiran Rao on Lust Stories 3: नेटफ्लिक्स की इस सीरीज में अलग-अलग कहानियां दिखाई गई हैं। किरण राव के सेगमेंट की कहानी एक पिज्जा डिलीवरी बॉय और उसके जुड़वां भाई के इर्द-गिर्द घूमती है। पिज्जा डिलीवरी बॉय की मुलाकात नेल स्टाइलिस्ट सना थम्पी से होती है। दोनों एक-दूसरे की ओर आकर्षित होते हैं और इसी वजह से ऐसे फैसले लेते हैं, जो आगे चलकर उनके लिए मुश्किलें खड़ी कर देते हैं।
'लापता लेडीज' और 'धोबी घाट' जैसी फिल्मों के लिए जानी जाने वाली किरण राव ने PTI को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "मुझे नहीं लगता कि मैं ऐसी कोई फिल्म बना सकती हूं जिसमें महिला को ठीक से न दिखाया गया हो या वो मुख्य किरदार न हो, क्योंकि ऐसी फिल्म देखना मुझे खुद पसंद नहीं आएगा।"
आगे उन्होंने कि इस प्रोजेक्ट ने उन्हें एक "मजबूत इरादों वाली और आजाद" महिला के किरदार को समझने और दिखाने का मौका दिया, जो अपनी मर्जी से फैसले लेती है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मुझे इसी तरह की फिल्में बनाना पसंद है; शायद यह मेरे काम का एक ट्रेंड बन गया है, लेकिन शायद मैं ऐसी ही हूं।"
राव ने बताया कि मेरी प्रोड्यूसर आशी दुआ द्वारा लिखी गई यह कहानी "लस्ट स्टोरीज" फ्रैंचाइजी की पिछली कुछ फिल्मों से अलग थी, क्योंकि पिछली फिल्में ज्यादा गंभीर विषयों पर आधारित थीं।
"इसमें युवा और बेफिक्र एनर्जी थी और कहानी दो ऐसे किरदारों के बारे में थी जो एक-दूसरे की ओर आकर्षित होते हैं और उस आकर्षण के कारण कई ऐसे फैसले लेते हैं जिन पर सवाल उठ सकते हैं।" उन्होंने कहा, "वासना के विचार को समझने का यह एक मजेदार तरीका था क्योंकि जैसा कि हम सभी जानते हैं, यह इंसानी भावनाओं और जरूरतों में से एक है, और इसे समझने का यह एक चंचल अंदाज था।"
राव ने कहा कि इस फिल्म में उन्होंने वासना जैसे विषय को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश किया है। साथ ही, फिल्म में महिलाओं के किरदारों को मजबूत और उनकी भावनाओं को समझने की कोशिश की गई है।
उन्होंने आगे कहा, "इस फिल्म में एक खास तरह की चंचलता है और महिलाओं की अपनी मर्जी और आजादी पर ध्यान दिया गया है। यह बात हमारी फिल्मों में हमेशा से रही है, जो इसे दूसरी 'लस्ट स्टोरीज' से अलग बनाती है। लेकिन इसमें ऐसी महिलाएं हैं जो दिलचस्प, जटिल और गहरी हैं।"
पीरजादा और थम्पी के लिए किरण राव के सेगमेंट का हिस्सा बनना खास अनुभव था। दोनों पहले से ‘लस्ट स्टोरीज’ फ्रैंचाइजी को पसंद करते थे। पीरजादा ने कहा कि इतने बड़े एक्टर्स और डायरेक्टर्स के साथ काम करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उन्होंने किरण राव की कहानी के साथ न्याय किया है।
थम्पी ने बताया कि वो एक्टर बनने से पहले से ही ‘लस्ट स्टोरीज’ देखती और फॉलो करती थीं। उन्होंने कहा, "जब मैं ऑडिशन के लिए गई, तो मुझे पता नहीं था कि यह 'लस्ट स्टोरीज़' के लिए है। कास्टिंग डायरेक्टर ने मुझे नहीं बताया था कि डायरेक्टर कौन है या प्रोजेक्ट क्या है। बस एक स्क्रिप्ट थी जिसे मैंने पढ़ा और मुझे यह किरदार पसंद आया'।" थम्पी ने कहा कि किरण राव और उनकी टीम के साथ काम करना उनके लिए शानदार अनुभव रहा। वह टीम के कई लोगों के काम को पहले से पसंद करती थीं और इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर उन्हें काफी अच्छा लगा।
"लस्ट स्टोरीज 3" की कास्ट में अदिति राव हैदरी, सिद्धार्थ, गजराज राव, राधिका मदान, अली फ़ज़ल, राधिका आप्टे, कोंकणा सेनशर्मा, विजय वर्मा और अभिषेक बनर्जी शामिल हैं। इसके अलग-अलग सेगमेंट का निर्देशन विशाल भारद्वाज, शकुन बत्रा और विक्रमादित्य मोटवाने ने किया है। यह एंथोलॉजी नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।