
Kriti Sanon reacts to response for Cocktail 2: बॉलीवुड में जब भी किसी फेमस फिल्म के नाम से जुड़ा नया प्रोजेक्ट आता है, तो उसकी तुलना पुराने किरदारों और स्टार से होना लगभग नॉर्मल माना जाता है। यही स्थिति कृति सेनन की अपकमिंग फिल्म 'कॉकटेल 2' के साथ भी देखने को मिल रही है। बता दें, 2012 में रिलीज हुई 'कॉकटेल' में दीपिका पादुकोण ने वेरोनिका का किरदार निभाकर फैंस के दिलों में खास जगह बनाई थी। ऐसे में जब कृति सेनन इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनीं, तो कम्पैयर की चर्चा शुरू होना तो स्वाभाविक था।
हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में कृति सेनन ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी। इसके साथ ही, उन्होंने माना कि उन्हें पहले से अंदाजा था कि दर्शक और सोशल मीडिया पर लोग उनकी तुलना दीपिका पादुकोण के किरदार से करेंगे, लेकिन उन्हें उनकी तुलना का कोई डर नहीं था। हालांकि, उनके अनुसार ये फिल्म 'कॉकटेल' की सीधी सीक्वल नहीं है, बल्कि उसी दुनिया और माहौल को आगे बढ़ाने वाली एक नई कहानी है।
इतना ही नहीं, कृति सेनन ने कहा कि उन्हें इस प्रोजेक्ट के लिए सबसे ज्यादा उत्साहित करने वाली बात ये थी कि उनका किरदार वेरोनिका जैसा नहीं है। उनके अनुसार, कहानी, किरदार के संघर्ष और भावनात्मक परतें पूरी तरह अलग हैं। अगर ये किसी पुराने किरदार का रीमेक और दोबारा प्रस्तुतीकरण होता, तो शायद दबाव कहीं ज्यादा महसूस होता, लेकिन नए किरदार ने उन्हें खुद को अलग तरीके से पेश करने का मौका दिया।
एक्टर ने अपने किरदार 'एली' के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि पहली नजर में ये किरदार बिंदास और बेफिक्र दिखाई देता है, लेकिन उसके भीतर संवेदनशीलता और दूसरों की परवाह करने वाला पक्ष भी मौजूद है। यही इमोशनल गहराई उन्हें इस रोल से जोड़ती है। कृति सेनन के लिए पिछले कुछ साल बेहद सफल रहे हैं। बता दें, 'मिमी' से मिली पहचान और राष्ट्रीय अवॉर्ड ने उनके करियर को नई दिशा दी। इस पर एक्ट्रेस का कहना है कि अब वो केवल वही प्रोजेक्ट चुनना चाहती हैं जो उन्हें एक स्टार के रूप में चुनौती दें और खुद को दोहराने से बचाएं।
उन्होंने ये भी माना कि आज के दौर में दर्शकों को कुछ नया और अलग चाहिए। केवल किसी सफल फॉर्मूले को दोहराने से काम नहीं चलता। यही वजह है कि उन्होंने 'कॉकटेल 2' को एक नई कहानी और नए किरदार के रूप में देखा, न कि किसी पुराने किरदार की जगह लेने के तौर पर।