
Ram Kapoor On Cheating In Marriage: रियलिटी शो 'लॉक अप सीजन 2' शुरू होते ही विवादों का सिलसिला भी तेज हो गया है। शो के तीसरे एपिसोड में शादी, भरोसे और बेवफाई को लेकर हुई चर्चा अब सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही है। इस बहस की शुरुआत तब हुई, जब एक कंटेस्टेंट ने सवाल पूछा कि अगर शादीशुदा रिश्ते में किसी एक साथी ने धोखा दे दिया हो, तो क्या उस रिश्ते को दोबारा मौका देना चाहिए? इस सवाल पर अभिनेता राम कपूर ने अपना नजरिया रखा, लेकिन उनकी बात से अभिनेत्री आकांक्षा चमोला बिल्कुल भी सहमत नजर नहीं आईं। दोनों के बीच हुई बहस अब इंटरनेट पर वायरल हो रही है।
शो के दौरान राम कपूर ने कहा कि शादी सिर्फ प्यार का नाम नहीं है, बल्कि ये हर दिन निभाया जाने वाला रिश्ता है। उनके मुताबिक वैवाहिक जीवन में अच्छे और बुरे दोनों दौर आते हैं। कई बार परिस्थितियां ऐसी बन जाती हैं, जब इंसान से गलतियां हो जाती हैं। अगर पति-पत्नी एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते और परिवार को बचाना चाहते हैं, तो समय के साथ रिश्ते फिर संभल सकते हैं। उन्होंने कहा, 'बुरे दौर में कभी कभी गलती हो जाती है।'
राम कपूर का मानना था कि हर गलती रिश्ता खत्म करने की वजह नहीं बनती और कुछ परिस्थितियों में रिश्तों को दूसरा मौका दिया जा सकता है।
राम कपूर की बात खत्म होते ही आकांक्षा चमोला ने राम कपूर की बात का विरोध किया। उन्होंने कहा कि शादी में बेवफाई को 'गलती' कहना सही नहीं है। उनके मुताबिक किसी दूसरे व्यक्ति के साथ शारीरिक संबंध बनाना कोई अचानक होने वाली घटना नहीं होती, बल्कि ये कई सोच-समझकर उठाए गए कदमों का नतीजा होता है।
आकांक्षा ने कहा कि किसी रिश्ते में विश्वास टूटना सबसे बड़ा आघात होता है और उसे सिर्फ 'गलती' कहकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि बेवफाई को सामान्य बनाना रिश्तों की गंभीरता को कम आंकने जैसा है।
दिलचस्प बात ये है कि आकांक्षा चमोला हाल ही में अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रही हैं। उन्होंने शो के दौरान ये स्वीकार किया कि उनकी शादी अब खत्म हो चुकी है और वो अपने जीवन का नया अध्याय शुरू करना चाहती हैं। ऐसे में रिश्तों और भरोसे पर उनकी राय को दर्शक उनकी निजी जिंदगी से जोड़कर भी देख रहे हैं।
आकांक्षा पहले भी कई मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रख चुकी हैं। उनका मानना है कि किसी भी रिश्ते की सबसे मजबूत नींव ईमानदारी और पारदर्शिता होती है। यदि वही खत्म हो जाए, तो रिश्ते को बचाना बेहद मुश्किल हो जाता है।
इस बहस के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कुछ दर्शकों ने राम कपूर की इस बात का समर्थन किया कि कई रिश्ते समय के साथ दोबारा मजबूत हो सकते हैं। वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने आकांक्षा चमोला की बात को सही बताते हुए कहा कि बेवफाई को 'गलती' नहीं बल्कि एक सोच-समझकर लिया गया फैसला माना जाना चाहिए।
नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहे 'लॉक अप 2' में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े कई चर्चित चेहरे हिस्सा ले रहे हैं। शो को रितेश देशमुख और फराह खान होस्ट कर रहे हैं। प्रीमियर के कुछ ही दिनों के भीतर कंटेस्टेंट्स के बीच तीखी बहस, निजी जिंदगी से जुड़े खुलासे और विवादित बयानों ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।