मनोरंजन

‘पहले रेप, फिर एसिड अटैक की धमकी और फिर यौन उत्पीड़न’, ऑनस्क्रीन पतियों पर ‘यूके ब्राइड्स’ ने लगाए संगीन आरोप

Married At First Sight UK Controversy: ब्रिटेन के चर्चित रियलिटी शो 'मेरिड ऐट फर्स्ट साइट यूके' को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। शो की महिला कंटेस्टेंट्स ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
2 min read
• •
May 19, 2026
Married At First Sight UK Controversy
Married At First Sight UK Controversy (सोर्स- एक्स)

Married At First Sight UK Controversy: टीवी की चमक-दमक के पीछे कई बार ऐसी कहानियां छिपी होती हैं जो लोगों को अंदर तक झकझोर देती हैं। ब्रिटेन के चर्चित रियलिटी शो 'मेरिड ऐट फर्स्ट साइट यूके' को लेकर इन दिनों ऐसा ही बड़ा विवाद सामने आया है। शो में हिस्सा लेने वाली तीन महिलाओं ने शूटिंग के दौरान अपने ऑन-स्क्रीन पतियों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों ने पूरे ब्रिटिश टीवी इंडस्ट्री में सनसनी फैला दी है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

तीन कंटेस्टेंट्स ने लगाए गंभीर आरोप (Married At First Sight UK Controversy)

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो की तीन महिला प्रतिभागियों ने दावा किया है कि शूटिंग के दौरान उनके साथ गलत व्यवहार हुआ। इनमें से दो महिलाओं ने रेप जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि एक दूसरी महिला ने कहा कि उसे न सिर्फ यौन दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा बल्कि एसिड अटैक की धमकी भी दी गई। इन आरोपों के सामने आने के बाद शो और चैनल दोनों सवालों के घेरे में आ गए हैं।

महिलाओं ने आपबीती सुनाई

बताया जा रहा है कि महिलाओं ने अपनी आपबीती एक डॉक्यूमेंट्री के जरिए दुनिया के सामने रखी। आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई यूजर्स ने शो के मेकर्स पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर प्रतिभागियों की सुरक्षा को लेकर इतने बड़े स्तर पर लापरवाही कैसे हुई।

एक महिला ने दावा किया कि उसने इस मामले की शिकायत प्रोडक्शन टीम और चैनल से की थी, लेकिन इसके बावजूद उसके एपिसोड्स टीवी पर प्रसारित किए गए। इस खुलासे के बाद चैनल की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर शिकायत पहले से मौजूद थी तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

चैनल ने आरोपों को बताया गंभीर

पूरा मामला सामने आने के बाद चैनल 4 के अधिकारियों ने प्रतिक्रिया दी है। चैनल ने इन आरोपों को बेहद गंभीर बताया और कहा कि मामले की समीक्षा की जा रही है। हालांकि जिन लोगों पर आरोप लगे हैं, उन्होंने इन दावों को खारिज किया है। इसके बावजूद विवाद इतना बढ़ गया कि चैनल ने शो के सभी सीजन प्लेटफॉर्म से हटा दिए।

शो के बारे में

‘मैरिड एट फर्स्ट साइट यूके’ एक ऐसा शो है जिसमें दो अजनबी लोगों की शादी करवाई जाती है और फिर कैमरों के सामने उनकी नई जिंदगी को दिखाया जाता है। रिश्तों के उतार-चढ़ाव, लड़ाई, प्यार और भावनात्मक पलों के कारण ये शो काफी लोकप्रिय रहा है। लेकिन अब इन गंभीर आरोपों ने शो की छवि को बड़ा नुकसान पहुंचाया है।

Updated on:
19 May 2026 07:56 am
Published on:
19 May 2026 07:56 am