
Ketan Agarwal Murder Case: केतन अग्रवाल के मर्डर के बाद अब उनका केस और भी पेचीदा होता जा रहा है। इस केस में जिस तरह मंगेतर सिया गोयल ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर साजिश रची, उसके बाद कई लोगों ने अब उन पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। पहले अभिनेत्री आंचल खुराना, फिर हिना खान और अब यूट्यूबर सागर ठाकुर ने भी इस मामले पर बात करते हुए सिया पर तंज कसा है। क्या कुछ कहा है द 50 फेम मेक्स्टर्न ने, चलिए जानते हैं।
पुणे के चर्चित कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत का मामला हर दिन नए मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। शुरुआत में जिस घटना को एक दुखद हादसा माना जा रहा था, अब उसी मामले ने देशभर में रिश्तों, भरोसे और अपराध को लेकर नई बहस छेड़ दी है।पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के बाद सोशल मीडिया से लेकर मनोरंजन जगत तक इस केस की चर्चा हो रही है।
यूट्यूबर मेक्स्टर्न ने हाल ही में एक वीडियो साझा कर इस मामले पर अपनी राय रखी। उन्होंने केतन अग्रवाल के मामले को लेकर कहा, 'केतन अग्रवाल बहुत बड़ा करोड़पति था, दिखने में भी ठीक था..लेकिन फिर भी उसकी मंगेतर ने उसे मार दिया। इस कहानी से शिक्षा मिलती है कि लड़कियां पैसे के पीछे नहीं भागती हैं और ना ही वो पैसे के लिए पागल होती हैं बल्कि वो दिमाग से ही पागल होती हैं।'
दूसरी ओर, टीवी अभिनेत्री हिना खान ने भी इस पूरे मामले पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि आज के समय में सच बोलना और सच स्वीकार करना लोगों के लिए इतना कठिन हो गया है कि कई बार हालात बेहद दुखद मोड़ ले लेते हैं। हिना ने अपने पोस्ट में यह सवाल भी उठाया कि अगर किसी रिश्ते में समस्या थी तो उसे ईमानदारी से खत्म किया जा सकता था, हिंसा कभी समाधान नहीं हो सकती।
जानकारी के अनुसार, 18 जून को पुणे के ऐतिहासिक लोहगढ़ किले पर घूमने गए केतन अग्रवाल की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना माना गया, लेकिन बाद में सामने आए डिजिटल साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और अन्य तकनीकी जानकारियों ने जांच एजेंसियों को नए सवालों की तरफ मोड़ दिया।
पुलिस की जांच में केतन की मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी का नाम सामने आया। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या घटना के पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी। मामले में कई पहलुओं की जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित एंगल पर काम किया जा रहा है।
इस बीच केतन के परिवार ने भी कई सवाल उठाए हैं। उनके पिता विशाल अग्रवाल ने मामले की सुनवाई तेज गति से किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार को न्याय मिलने के लिए निष्पक्ष और त्वरित जांच बेहद जरूरी है।
फिलहाल यह मामला सिर्फ एक आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि रिश्तों में विश्वास, संवाद और जिम्मेदारी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा का विषय बन चुका है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।