मनोरंजन

लाइव स्ट्रीम के दौरान मैक्सिकन इन्फ्लुएंसर सीजर गैस्टेलम पर हुए हमले का वीडियो, मचा हड़कंप

Cesar Gastelum Shot Dead: इन्फ्लुएंसर सीजन गैस्टेलम की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया।
2 min read
Aug 06, 2026
Cesar Gastelum Murder News
इन्फ्लुएंसर की हत्या (सोर्स- Instagram/cesargastelum_57)

Cesar Gastelum Murder News: मैक्सिको में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोकप्रिय टिकटॉक क्रिएटर सीजर गैस्टेलम की लाइवस्ट्रीम के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। ये घटना उत्तर-पश्चिमी मैक्सिको के सिनालोआ राज्य की राजधानी कुलियाकान में हुई, जहां कथित तौर पर दो हमलावर मोटरसाइकिल पर पहुंचे और भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान चला दी गोलियां

बताया जा रहा है कि सीजर गैस्टेलम अपने दो दोस्तों के साथ एक फास्ट फूड रेस्टोरेंट के बाहर मौजूद थे और उसी दौरान सोशल मीडिया पर लाइव थे। वीडियो में वो सामान्य बातचीत करते और हंसते हुए दिखाई देते हैं। तभी मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों में से एक ने उतरकर उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद हमलावर तुरंत मौके से भाग निकले। यह वारदात स्थानीय अभियोजन कार्यालय से कुछ ही दूरी पर हुई।

कार्टेल हिंसा से जोड़कर देखी जा रही घटना

मैक्सिको की सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय अभियोजकों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या का संबंध क्षेत्र में सक्रिय ड्रग कार्टेल हिंसा से हो सकता है। हालांकि, अधिकारियों ने फिलहाल किसी विशेष आपराधिक संगठन का नाम नहीं लिया है।

जांच एजेंसियों का कहना है कि सीजर गैस्टेलम ने अपने कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में कथित तौर पर एक आपराधिक गुट से जुड़े संदर्भ साझा किए थे। इसी एंगल से भी जांच की जा रही है कि कहीं यह हमला उसी से जुड़ा हुआ तो नहीं था।

कौन थे सीजर गैस्टेलम?

सीज़र गैस्टेलम मैक्सिको के लोकप्रिय डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स में शामिल थे। टिकटॉक पर उनके 6.5 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे, जबकि इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी। वह क्षेत्रीय मैक्सिकन संगीत के साथ कॉमेडी और मनोरंजन से जुड़े वीडियो बनाने के लिए जाने जाते थे।

उनके कुछ पोस्ट में वह खुद को "ब्लिको" शब्द से भी संबोधित करते थे, जिसे मैक्सिको में कार्टेल संस्कृति से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि, इस शब्द और उनकी हत्या के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एक साल में LIVE के दौरान मारे गए दूसरे इन्फ्लुएंसर

सीजर गैस्टेलम की हत्या पिछले एक वर्ष से कुछ अधिक समय में लाइवस्ट्रीम के दौरान मारे गए दूसरे मैक्सिकन इन्फ्लुएंसर का मामला है।

इससे पहले मई 2025 में 23 वर्षीय ब्यूटी इन्फ्लुएंसर वलेरिया मार्केज़ की टिकटॉक लाइव के दौरान उनके ब्यूटी सैलून में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले की जांच संदिग्ध महिला हत्या (फेमिसाइड) के रूप में की गई थी। बाद में अधिकारियों ने एक आपराधिक गिरोह से जुड़े आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था।

Updated on:
06 Aug 2026 04:06 pm
Published on:
06 Aug 2026 03:52 pm