
झारखंड छात्रों के प्रदर्शन पर पीयूष मिश्रा (फोटो सोर्स- Instagram/ani)
Piyush Mishra Supports Jharkhand Protest: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को अब फिल्म और थिएटर जगत से भी समर्थन मिलने लगा है। अभिनेता, लेखक और गीतकार पीयूष मिश्रा ने आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है। उन्होंने एक वीडियो मैसेज जारी कर कहा कि वो जल्द ही रांची पहुंचकर छात्रों के बीच बैठेंगे और अपनी ओर से हर संभव मदद करने की कोशिश करेंगे।
पीयूष मिश्रा का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वो मुंबई से छात्रों को संबोधित करते हुए कहते हैं कि उन्हें इस बात का अफसोस है कि अब तक मुंबई से कोई कलाकार इस आंदोलन का हिस्सा नहीं बना। उन्होंने कहा कि अब वो खुद रांची आकर छात्रों से मुलाकात करेंगे और उनके साथ समय बिताएंगे।
वीडियो संदेश में पीयूष मिश्रा ने कहा कि उनका वहां पहुंचना आंदोलन की दिशा नहीं बदलेगा, लेकिन वह छात्रों के साथ बैठकर बातचीत करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वो अपने साथी कलाकारों से भी सहयोग की अपील करेंगे। चाहे मेडिकल सहायता हो, आर्थिक मदद, भोजन की व्यवस्था या अन्य आवश्यक संसाधन, वह अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव योगदान देने की कोशिश करेंगे।
पीयूष मिश्रा ने छात्रों से आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण बनाए रखने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आंदोलन की ताकत उसकी गरिमा और अनुशासन में होती है। इसलिए किसी तरह की अभद्र भाषा, हिंसा या राजनीतिक हस्तक्षेप से बचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अब तक छात्रों ने जिस संयम के साथ अपनी मांगें उठाई हैं, वही इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है।
रांची में 29 जुलाई से बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि झारखंड की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, खासकर जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) की भर्ती प्रक्रियाओं में पेपर लीक और अन्य अनियमितताएं हुई हैं। छात्र इन मामलों की सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जांच कराने की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर आंदोलन लगातार जारी है।
63 वर्षीय पीयूष मिश्रा भारतीय थिएटर और सिनेमा की चर्चित हस्तियों में गिने जाते हैं। उन्होंने अभिनय, लेखन, गीत और संगीत के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। बॉलीवुड में उन्होंने 1998 में फिल्म 'दिल से' से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद वह 'मकबूल', 'ब्लैक फ्राइडे', 'गुलाल', 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' और 'रॉकस्टार' जैसी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के लिए सराहे गए।
Updated on:
06 Aug 2026 04:39 pm
Published on:
06 Aug 2026 04:39 pm
