
Neha Dhupia Lashes Out On Back Shot: बॉलीवुड सितारे अक्सर कैमरों से घिरे रहते हैं, लेकिन कई बार यही कैमरे उनकी निजता की सीमा भी पार कर जाते हैं। हाल ही में अभिनेत्री नेहा धूपिया के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब मुंबई में एक इवेंट के दौरान उन्होंने पैपराजी की एक आदत पर खुलकर नाराजगी जाहिर कर दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में नेहा फोटोग्राफर्स से साफ शब्दों में कहती नजर आईं कि किसी भी महिला का पीछे से वीडियो बनाना और उसे सोशल मीडिया पर साझा करना गलत है और इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में नेहा धूपिया हमेशा की तरह मुस्कुराते हुए मीडिया से मिल रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर उन कैमरों पर पड़ी जो लगातार उनका पीछे से वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। बताया जा रहा है कि ऐसे वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर शेयर किए जा चुके हैं, जिससे एक्ट्रेस पहले भी असहज महसूस कर चुकी थीं। एक दिन पहले ही दौड़ते हुए उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ जिसमें उनके बैक शॉट को जूम करके दिखाया गया।
इस बार उन्होंने चुप रहने के बजाय वहीं मौजूद फोटोग्राफर्स से सवाल किया कि आखिर बार-बार इस तरह के वीडियो क्यों बनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ उनके साथ नहीं बल्कि किसी भी महिला के साथ नहीं होना चाहिए।
नेहा ने कैमरों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कलाकार हमेशा मीडिया के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हैं, इसलिए बदले में उन्हें भी वही सम्मान मिलना चाहिए। उनका कहना था कि कई बार कलाकार बैग या दूसरी चीजों से खुद को बचाने की कोशिश करते हैं, लेकिन इसके बावजूद ऐसे वीडियो बनाए जाते हैं।
उनके इस रुख को कई सोशल मीडिया यूजर्स ने सही ठहराया और कहा कि किसी भी महिला की सहमति के बिना इस तरह के एंगल से वीडियो रिकॉर्ड करना उचित नहीं है। 'ताहिर जासूस' समेत कई पैपराजी पेज पर नेहा धूपिया के वीडियोज शेयर किए गए हैं।
नेहा धूपिया पहली अभिनेत्री नहीं हैं जिन्होंने इस मुद्दे पर आपत्ति जताई हो। इससे पहले भी कई फिल्म और टीवी अभिनेत्रियां पपराजी द्वारा पीछे से वीडियो बनाए जाने पर असहजता जता चुकी हैं। कई सेलेब्रिटीज का कहना रहा है कि फोटो लेना और वीडियो रिकॉर्ड करना अलग बात है, लेकिन किसी खास एंगल से जानबूझकर कंटेंट बनाना उनकी निजता का उल्लंघन है।
नेहा धूपिया लंबे समय से फिल्मों, वेब प्रोजेक्ट्स और रियलिटी शोज का हिस्सा रही हैं। हाल ही में वह नेटफ्लिक्स की सीरीज 'सिंगल पापा' में नजर आई थीं। अभिनय के अलावा वो अपने पति अंगद बेदी के साथ यूट्यूब शो 'डबल डेट' भी होस्ट करती हैं, जहां दोनों सेलेब्रिटीज के साथ दिलचस्प बातचीत करते दिखाई देते हैं।