
Youtuber Shivani Kapila Power Bank Blast Case (सोर्स- @littleglove_aka_shivani )
Youtuber Shivani Kapila Power Bank Blast Case: सोशल मीडिया की दुनिया में अपने मजेदार वीडियो और पारिवारिक कंटेंट के लिए पहचान बनाने वाली मशहूर यूट्यूबर शिवानी कपिला इन दिनों किसी नए वीडियो की वजह से नहीं, बल्कि एक दर्दनाक हादसे के कारण सुर्खियों में हैं। एक चार्जिंग पावर बैंक में हुए धमाके ने उनके सपनों के घर को कुछ ही मिनटों में आग की लपटों में बदल दिया। इस हादसे में लाखों रुपये का सामान, यूट्यूब का डायमंड प्ले बटन, कीमती सामान और वर्षों से संजोई गई निजी यादें जलकर राख हो गईं। हालांकि सबसे बड़ी राहत की बात ये रही कि इस हादसे में उनके परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ।
हादसे के बाद शिवानी कपिला ने इंस्टाग्राम पर अपने जले हुए घर की तस्वीरें साझा करते हुए बेहद भावुक पोस्ट लिखी। उन्होंने कहा कि आग ने उनका कमरा, डायमंड बटन और जिंदगी की कई अनमोल यादें छीन लीं, लेकिन उन्हें इस बात का सुकून है कि उनका परिवार सुरक्षित है। उन्होंने लिखा कि अब समय है नई शुरुआत करने का और वह पहले से ज्यादा मजबूती के साथ वापसी करेंगी। साथ ही उन्होंने अपने चाहने वालों का भी धन्यवाद किया, जिनके संदेशों और फोन कॉल्स ने मुश्किल वक्त में उनका हौसला बढ़ाया।
शिवानी के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब पावर बैंक चार्जिंग पर लगा हुआ था। करीब 15 मिनट बाद उसमें तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गई। उन्होंने बताया कि यह सोचकर आज भी डर लगता है कि अगर यही पावर बैंक रात में उनके सिरहाने चार्ज हो रहा होता और उसी समय फट जाता, तो शायद पूरा परिवार किसी बड़े हादसे का शिकार हो सकता था।
हादसे के समय किस्मत ने उनका साथ दिया। संयोग से उनके मैनेजर किसी काम से घर पहुंचे थे। उन्होंने कमरे से धुआं निकलता देखा और तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। हालांकि आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि उस पर तुरंत काबू पाना आसान नहीं था। बाद में दमकल और अन्य लोगों की मदद से स्थिति नियंत्रित की गई। इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन आर्थिक नुकसान बेहद बड़ा हुआ।
शिवानी ने बताया कि आग ने सिर्फ महंगे कपड़े, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान ही नहीं जलाए, बल्कि उनकी बेटी के बचपन से जुड़ी कई यादें भी हमेशा के लिए खत्म कर दीं। यूट्यूब की उपलब्धि का प्रतीक सिल्वर प्ले बटन भी आग की भेंट चढ़ गया। कमरे में लगा एयर कंडीशनर तक गर्मी की वजह से पूरी तरह पिघल गया।
उन्होंने कहा कि मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर उन्होंने सालों की मेहनत से अपना घर और करियर बनाया था। एक छोटी-सी लापरवाही ने उनकी वर्षों की कमाई और यादों को पल भर में खत्म कर दिया।
इस दर्दनाक अनुभव के बाद शिवानी कपिला ने सभी लोगों से अपील की है कि मोबाइल, पावर बैंक या किसी भी बैटरी वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को कभी भी बिस्तर या सिरहाने चार्जिंग पर न रखें। उन्होंने कहा कि अगर उनकी कहानी से एक भी परिवार सतर्क हो जाता है और भविष्य में किसी की जान या घर बच जाता है, तो उन्हें लगेगा कि उनके दर्द से कोई बड़ी सीख निकली।
Published on:
01 Jul 2026 09:43 am
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
