मनोरंजन

यूट्यूब पर रचा गया इतिहास! निश्चय मल्हान (Triggered Insaan) ने 50 घंटे जागकर कमाए 70 लाख, बाढ़ पीड़ितो को देंगे दान

Nischay Malhan aka triggered insaan: यूट्यूबर निश्चय मल्हान (Triggered Insaan) ने 50 घंटे बिना सोए 70 लाख रुपये कमाए हैं। उन्होंने बिना रुके नॉन-स्टॉप लाइवस्ट्रीम की। अब जो पैसे इकट्ठा हुए हैं वह असम बाढ़ पीड़ितों को देंगे। इसमें कैरीमिनाटी और फुकरा इंसान ने भी सहयोग दिया।
2 min read
Aug 03, 2026
Nischay Malhan aka triggered insaan 70 lakh earn 50 hours live stream without sleep assam flood victims
यूट्यूबर निश्चय मल्हान ने 50 घंटे में कमाए 70 लाख (Photo Source- triggeredinsaan)

Nischay Malhan live stream 50 hours: सोशल मीडिया और डिजिटल दुनिया वाकई कितनी ताकतवर हो सकता है इसका सबसे बड़ा सबूत हाल ही में देखने को मिला है। जब भारत के मशहूर कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर निश्चय मल्हान (Triggered Insaan) ने असम में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। उन्होंने लगातार 50 घंटे की चैरिटी लाइवस्ट्रीम की। इस खास पहल के जरिए करीब 70 लाख रुपये की मदद जुटाई गई, जिसे राहत कार्यों में इस्तेमाल किया जाएगा।

यूट्यूबर निश्चय मल्हान ने कमाए 70 लाख

यह लाइवस्ट्रीम 31 जुलाई से निश्चय के Live Insaan यूट्यूब चैनल पर शुरू हुई थी। पूरे 50 घंटे तक बिना सोए निश्चय लगातार अपने दर्शकों से जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने इतिहास रचते हुए लोगों से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए खुलकर दान देने की अपील की थी। उनकी इस पहल को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला और इस मैराथन लाइवस्ट्रीम को 1.59 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया, जबकि स्ट्रीम खत्म होने तक एक समय में 1.15 लाख से अधिक लोग इसे लाइव देख रहे थे। यह आंकड़ा बताता है कि लोगों ने इस सामाजिक पहल को कितना पसंद किया है।

निश्चय ने बताया कि दर्शकों की तरफ से 54 लाख रुपये से ज्यादा का डोनेशन मिला। इसके अलावा उन्होंने खुद 10 लाख रुपये दान किए। उनके भाई और मशहूर यूट्यूबर अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान ने भी इस अभियान में 5 लाख रुपये का योगदान दिया है। वहीं, मल्हान परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस नेक काम में हिस्सा लिया। प्रेरणा मल्हान ने 1 लाख रुपये, जबकि रुचिका राठौर ने 50 हजार रुपये दान किए। निश्चय ने अपने साथी हर्षित कुमार का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने पूरी लाइवस्ट्रीम के दौरान उनका साथ दिया था।

बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा भी कर रहे बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद

निश्चय बाढ़ पीड़ितों की करेंगे मदद

लाइवस्ट्रीम खत्म होने के बाद निश्चय ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उनके साथ अभिषेक मल्हान भी नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह 50 घंटे की बिना सोए की गई स्ट्रीम उनकी जिंदगी के सबसे यादगार अनुभवों में से एक रही है। इससे पहले उन्होंने वादा किया था कि जितने घंटे वह लाइव रहेंगे, हर घंटे के हिसाब से भी वह खुद डोनेशन देंगे। यह रकम असम में राहत कार्य कर रहे संगठन बोंधू के जरिए बाढ़ प्रभावित लोगों तक पहुंचाई जाएगी। दर्शकों को भी एक खास फंडरेजिंग लिंक के माध्यम से सीधे इस अभियान से जोड़ा गया है।

निश्चय मल्हान का दिया कई लोगों ने साथ

निश्चय मल्हान की इस पहल में दूसरे बड़े डिजिटल क्रिएटर्स ने भी साथ दिया। कैरीमिनाटी (अजय नागर) ने 8 घंटे की चैरिटी लाइवस्ट्रीम के जरिए 13 लाख रुपये से ज्यादा जुटाए और खुद 2 लाख रुपये दान किए। वहीं कंटेंट क्रिएटर आर्यन केल्विन (अमन पंडित) ने 24 घंटे के भीतर 19 लाख रुपये जुटाए। उन्होंने बताया कि इस राशि का इस्तेमाल बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए करीब 40 घरों के पुनर्निर्माण के लिए किया जाएगा। सोशल मीडिया पर निश्चय मल्हान की इस पहल की जमकर तारीफ हो रही है। फैंस का कहना है कि डिजिटल क्रिएटर्स सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय समाज के लिए भी बड़ी जिम्मेदारी निभा सकते हैं।

Updated on:
03 Aug 2026 02:29 pm
Published on:
03 Aug 2026 02:28 pm