
370 Biryani controversy: '370 बिरयानी' विवाद के बाद स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे पहली बार लाइव शो में नजर आए। शो के दौरान वो इमोशनल हो गए और दर्शकों से मिले सपोर्ट के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने माना कि उनसे गलती हुई थी और कहा कि उनका मकसद हमेशा लोगों को हंसाना और खुशी देना रहा है। तो वहीं, सोशल मीडिया पर उनके इस वीडियो को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स ने उनके कमबैक की तारीफ की, जबकि कई लोगों ने कहा कि माफी काफी नहीं है।
14 जून 2026 को हुए शो की एक क्लिप वायरल होने के बाद प्रणित मोरे विवादों में आ गए थे। अब 2 महीनों बाद हुए अपने पहले लाइव शो में उन्होंने दर्शकों से खुलकर बात की। बता दें, वायरल वीडियो में प्रणित कहते हैं कि जब वो स्टेज पर आए तो उन्हें डर था कि लोग उन्हें एक्सेप्ट करेंगे या नहीं। उन्होंने दर्शकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि विवाद के बाद भी मिले प्यार और समर्थन ने उन्हें इमोशनल कर दिया। इसके बाद उन्होंने कहा कि स्टैंड-अप कॉमेडी पैसे या शोहरत के लिए नहीं, बल्कि लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए शुरू की थी। जब ऐसा नहीं हो पाता तो उन्हें दुख होता है।
इतना ही नहीं, प्रणित ने आगे बताया कि विवाद के बाद उनकी मां ने उनसे सिर्फ एक बात कही थी कि गलती हो गई है, माफी मांग ली है, अब आगे का व्यवहार ही लोगों का भरोसा वापस दिलाएगा। उन्होंने दर्शकों से कहा कि हर इंसान से गलती होती है और वो ऐसी गलती दोबारा नहीं दोहराएंगे। साथ ही, उन्हें दूसरा मौका देने के लिए सभी का धन्यवाद किया।
विवाद उस समय शुरू हुआ था जब प्रणित मोरे के शो के दौरान एक दर्शक ने एक महिला को लेकर आपत्तिजनक कमेंट्स की थी। दर्शक हिमांशु जांगड़ा ने डेट पर खर्च किए गए पैसों के बदले शारीरिक संबंध की उम्मीद होने जैसी बात कही थी। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों ने आरोप लगाया कि प्रणित ने उस कमेंट्स का विरोध करने के बजाय बातचीत को स्टेज दिया। इसके बाद उनकी जमकर आलोचना हुई। इसके बाद प्रणित मोरे ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए स्वीकार किया कि वो उस समय बातचीत रोक सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं किया। उन्होंने इसे अपनी बड़ी गलती बताया।
प्रणित मोरे के इमोशनल वीडियो पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आया। कई यूजर्स ने उनके कमबैक की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की और आगे बढ़ने की कोशिश की है। तो वहीं, कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए कि क्या सिर्फ माफी मांगना काफी है। कुछ यूजर्स ने शो पर सवाल खड़े किए, जबकि कई ने लिखा कि उन्हें दूसरा मौका नहीं मिलना चाहिए। दूसरी ओर कई समर्थकों ने उनके समर्थन में 'कमबैक शानदार है' जैसे कमेंट भी किए।