
बिजनेस टायकून मुकेश अंबानी और नीता अंबानी ने बीते दिनों शुक्रवार को नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह की मेजबानी रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी और उनकी बेटी ईशा अंबानी ने की। लॉन्चिंग इवेंट में रिलायंस इंडस्ट्रीज के सीएमडी मुकेश अंबानी और उनका पूरा परिवार मौजूद रहा। इस मौके पर कई बाॅलीवुड सेलेब्स ने सेरेमनी में शिरकत की। ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) भी पति निक जोनस (Nick Jonas) के साथ फंक्शन में पहुंची। दोनों ने सेरेमनी में सबसे ज्यादा लाइमलाइट बटोरी। सोशल मीडिया पर कपल की कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं। इस बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें प्रियंका और फिल्ममेकर करण जौहर को गले लगते देखा जा सकता है।
बता दें कि अंबानी के इवेंट में सबसे खास करण जौहर और प्रियंका चोपड़ा की रीयूनियन रही। दोनों लंबे समय के बाद एक-दूसरे से मिले और देखते ही एक दूसरे को हग किया। जिसके बाद से चर्चाओं का बाजार गर्म है। दरअसल, हाल ही में एक इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने खुलासा किया था कि बॉलीवुड फिल्मों में बैन होने के कारण उन्होंने हॉलीवुड का रुख किया था। इस बयान के बाद काफी हलचल मची थी।
वहीं अंबानी की पार्टी में करण और प्रियंका ने एक-दूसरे को देखते ही अच्छे दोस्तों की तरह गले लगाया और खूब मस्ती भरे अंदाज में बातें कीं। इनकी बॉन्डिंग का यह वीडियो लाइमलाइट में बना हुआ है। हालांकि, कई यूजर्स ने इस दोनों को ट्रोल किया है। एक ने कमेंट किया, 'बताओ पहले इसी को बॉलीवुड से निकाला और अब गले भी मिल रहा है। कितनी झूठी और दिखावटी दुनिया है।'
बता दें कि करण और प्रियंका को देख यह कहीं से भी नहीं लगा कि अतीत में प्रोफेशनली इनके बीच सबकुछ ठीक नहीं रहा होगा। ऐसे में एक्ट्रेस कंगना रनौत का करण जौहर द्वारा प्रियंका को बैन करने का दावा कितना सही है, इसका अंदाजा लगा पाना मुश्किल हो सकता है। जाहिर है कि कंगना ने ट्वीट किया था, 'बॉलीवुड के बारे में प्रियंका यही कहना चाहती हैं, लोगों ने उनके खिलाफ गैंग बनाई, उन्हें बुली किया और फिल्म इंडस्ट्री से बाहर का रास्ता दिखाया। खुद से अपने दम पर अपनी पहचान बनाने वाली प्रियंका को इंडिया छोड़ना पड़ना। सभी जानते हैं कि करण जौहर ने उन्हें बैन कर दिया था।'