11 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘लंदन-अमेरिका पसंद है तो वहां वापस चले जाओ’, ध्रुव राठी पर तनीषा मुखर्जी ने साधा निशाना? CJP प्रोटेस्ट पर निकाली भड़ास

Tanisha Mukherjee On CJP Protest: बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल की बहन तनीषा मुखर्जी ने सीजेपी प्रोटेस्ट पर निशाना साधते हुए कहा है कि जिन लोगों को लंदन-अमेरिका पसंद है, वो वहीं पर ही चले जाएं। हमें उनकी जरूरत नहीं है।
3 min read
Google source verification
Tanisha Mukherjee On CJP Protest

तनीषा मुखर्जी (फोटो सोर्स- ANI)

Tanisha Mukherjee On CJP Protest: बॉलीवुड अभिनेत्री और काजोल की बहन तनीषा मुखर्जी ने देश में सरकार की आलोचना करने वाले कुछ लोगों पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर कुछ कथित पढ़े-लिखे और संभ्रांत हिंदुओं के रवैये पर नाराजगी जताई। तनीषा ने बिना किसी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग भारत की आलोचना करते हुए ब्रिटिश सोच से प्रभावित नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि अगर लोगों को लंदन और अमेरिका इतना पसंद है, तो उन्हें वहां चले जाना चाहिए।

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन

तनीषा की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ देश में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं और केंद्र सरकार की आलोचना भी की जा रही है। हालांकि, अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में सीधे तौर पर इन प्रदर्शनों का जिक्र नहीं किया और न ही यह स्पष्ट किया कि उनका निशाना कौन लोग हैं।

‘देश में समस्याएं हैं, लेकिन बदलाव में समय लगता है’

तनीषा मुखर्जी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, 'मैं कुछ कथित पढ़े-लिखे संभ्रांत हिंदुओं की अंधी नफरत देखकर सचमुच हैरान हूं, जो पूरी तरह ब्रिटिश मानसिकता से प्रभावित हैं। अगर आपको लंदन और अमेरिका इतना पसंद है, तो कृपया वहां चले जाइए। हमें यहां आपकी जरूरत नहीं है, जो लगातार हमें नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं।'

उन्होंने आगे कहा कि देश में कई समस्याएं हैं, लेकिन बदलाव आने में समय लगता है। तनीषा के मुताबिक, पिछले 10 वर्षों में भारत ने काफी प्रगति की है और लोगों को इस बात पर भी ध्यान देना चाहिए।

सरकार का समर्थन करने वालों को ‘अंधभक्त’ कहने पर उठाए सवाल

तनीषा ने अपनी पोस्ट में राजनीतिक विचारों के आधार पर लोगों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर कोई सरकार का समर्थन करता है, तो उसे ‘अंधभक्त’ और अशिक्षित कह दिया जाता है। वहीं, अगर कोई अमेरिका और जर्मनी से देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले समूहों का समर्थन करता है, तो उसे आधुनिक और जागरूक माना जाता है।

अभिनेत्री ने लोगों से मीडिया से प्रभावित होकर अपनी समझ का इस्तेमाल करना बंद नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चीजें तार्किक और तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए। उनके मुताबिक, कानून के अनुसार चलने वाला समाज ही लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है।

तनीषा की इस पोस्ट पर राजनीतिक और सामाजिक बहस होने की संभावना है। हालांकि, उनकी टिप्पणी को लेकर यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने किन खास लोगों या संगठनों के संदर्भ में अपनी बात कही है।

दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर भी चर्चा में रहीं तनीषा

कुछ दिन पहले तनीषा मुखर्जी मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुई थीं। इस दौरान उन्होंने उत्तर बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा में मर्यादा बनाए रखने की अपील की थी। इस दुर्गा पूजा का आयोजन जुहू के एसएनडीटी मैदान में मुखर्जी परिवार की ओर से किया जाता है। तनीषा ने पपराजी और आम लोगों से कार्यक्रम के दौरान शालीनता बनाए रखने का आग्रह किया था।

कैसी रहा तनीषा मुखर्जी का फिल्मी सफर?

तनीषा मुखर्जी अभिनेत्री तनुजा की बेटी और काजोल की बहन हैं। उन्होंने साल 2003 में फिल्म ‘श्श्श्श…’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके साथ करण नाथ और डिनो मोरिया नजर आए थे, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर सकी।

इसके बाद तनीषा ‘सरकार’ और ‘नील एंड निक्की’ जैसी फिल्मों में दिखाई दीं। उन्होंने तमिल फिल्म ‘उन्नाले उन्नाले’ में भी काम किया, जिसके लिए उन्हें विजय अवॉर्ड के लिए नामांकन मिला।

साल 2013 में रियलिटी शो ‘बिग बॉस 7’ में हिस्सा लेने के बाद तनीषा को काफी लोकप्रियता मिली। वह इस शो की पहली रनर-अप रही थीं। शो के दौरान अभिनेता अरमान कोहली के साथ उनके रिश्ते ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद वह ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 7’ और ‘झलक दिखला जा 11’ में नजर आईं। उन्होंने कॉमेडी शो ‘गैंग्स ऑफ हसीपुर’ में जज की भूमिका भी निभाई। तनीषा आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘लव यू शंकर’ में दिखाई दी थीं।