मनोरंजन

पहली पत्नी ने दी जान, मां की वजह से प्रेमिका को छोड़ा; अब पवन सिंह की शादी पर राधे मां ने कर डाली भविष्यवाणी

Radhe Maa Pawan Singh: रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में सुपरस्टार पवन सिंह की तीसरी शादी को लेकर राधे मां ने भविष्यावाणी की है। उन्होंने बताया कि वह 45 साल की उम्र में नई दूल्हनियां लाएंगे।
3 min read
Aug 13, 2026
Radhe Maa prediction Pawan Singh Third Marriage at 45
पवन सिंह की तीसरी शादी पर राधे मां की भविष्यवाणी (Photo Source- Twitter-@KaramD_2)

Radhe Maa on Pawan Singh Third Marriage: भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह (Pawan Singh) अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। उनकी लाइफ में प्यार, शादी और ब्रेकअप का एक लंबा सिलसिला रहा है। पहली पत्नी नीलम सिंह ने जान दे दी थी। फिर एक्टर ने दूसरी शादी ज्योति सिंह के साथ की, यह भी कोर्ट-कचहरी के चक्कर में उलझी हुई है। वहीं, अक्षरा सिंह के साथ उनके चर्चित लव अफेयर का अंत भी काफी विवादित रहा था, जिसमें पवन सिंह ने खुद स्वीकार किया था कि उन्होंने मां की पसंद और परिवार की खातिर अपने प्यार को पीछे छोड़ दिया था।

वहीं, अब कहा जा रहा है कि पवन सिंह की जिंदगी में जल्द ही फिर से शहनाई बजने वाली है। इन दिनों पवन सिंह रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में अपना जलवा बिखेर रहे हैं, और इसी शो के नए प्रोमो में आध्यात्मिक गुरु राधे मां ने उनकी तीसरी शादी को लेकर एक बड़ी और चौंकाने वाली भविष्यवाणी कर दी है।

राधे मां से भारती ने पूछा पवन सिंह को लेकर सवाल

आने वाले एपिसोड को कॉमेडी क्वीन भारती सिंह (Bharti Singh) होस्ट करेंगी, जिसमें राधे मां बतौर खास मेहमान शिरकत करेंगी। प्रोमो में दिखाया गया है कि राधे मां शो के सेट पर पवन सिंह और आम्रपाली दुबे के साथ हंसी-मजाक कर रही हैं। इसी बीच होस्ट भारती सिंह ने राधे मां से पवन सिंह के दिल का दर्द बयां करते हुए सवाल पूछा- "राधे मां, पवन सिंह को एक अच्छा जीवनसाथी कब मिलेगा? इस मामले में बेचारों ने बहुत बार धोखे खाए हैं।"

यह सुनते ही राधे मां ने पवन सिंह को अपने पास बुलाया। पावर स्टार भी बिना देर किए बहुत ही विनम्रता से हाथ जोड़कर उनके सामने खड़े हो गए। राधे मां ने पवन सिंह को बड़े ध्यान से देखा और मुस्कुराकर कहा, "इसका दिल बहुत ही साफ है। इसे 45 साल की उम्र में बहुत ही प्यार करने वाली पत्नी मिलेगी।" राधे मां की यह भविष्यवाणी सुनते ही पवन सिंह शर्म से लाल हो गए।

पवन सिंह की पहली पत्नी और दूसरी फोटो में पवन सिंह अपनी दूसरी पत्नी के साथ

भारती सिंह ने ली चुटकी, सेट पर लगे ठहाके

राधे मां की बात खत्म होते ही पवन सिंह के बगल में बैठीं भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे (Aamrapali Dubey) अपनी उंगलियों पर साल गिनने लगीं। यह मजेदार सीन देखकर भारती सिंह खुद को रोक नहीं पाईं और तुरंत आम्रपाली की नकल उतारते हुए बोलीं, "आम्रपाली जी तो अभी से उंगलियों पर गिन रही हैं…कि भाभी जी कब आएंगी?"

भारती की यह हाजिरजवाबी सुनते ही सेट पर बैठे दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', आम्रपाली और खुद पवन सिंह ठहाके मारकर हंस पड़े। भारती ने आगे कहा, "बस दोस्तों, 5 साल का इंतजार करिए, उसके बाद हम सब मिलकर धमाकेदार डांस करेंगे!"

सोशल मीडिया पर लोग कर रहे कमेंट

यह प्रोमो जैसे ही इंटरनेट पर रिलीज हुआ, देखते ही देखते वायरल हो गया। पवन सिंह के फैंस उनकी निजी जिंदगी में आने वाली इस संभावित खुशी को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं। कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने लिखा, "भइया फिर से दूल्हा बनेंगे, अबकी बार खुशियां पक्की हैं!" वहीं दूसरे ने लिखा, "टीआरपी किंग पवन सिंह जहां जाते हैं, वहीं बवाल हो जाता है।" एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "भारती सिंह और राधे मां की जोड़ी ने तो एपिसोड को सुपरहिट बना दिया।"

Updated on:
13 Aug 2026 12:11 pm
Published on:
13 Aug 2026 12:03 pm
Also Read
View All