
Raj Chakraborty Quits Politics: बंगाल की राजनीति में इस बार विधानसभा चुनाव ने कई बड़े चेहरों की किस्मत बदल दी। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी ने ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर बड़ा उलटफेर कर दिया, तो वहीं दूसरी तरफ फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए कई सितारों को भी जनता का कड़ा फैसला झेलना पड़ा। इन्हीं में से एक नाम है बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर निर्देशक राज चक्रवर्ती का, जिन्होंने अब राजनीति छोड़ने का ऐलान कर दिया है।
बैरकपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले राज चक्रवर्ती को बीजेपी उम्मीदवार कौस्तव बागची से हार का सामना करना पड़ा। चुनावी नतीजों के बाद अब उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा भावुक संदेश साझा कर राजनीति से दूरी बनाने का फैसला सुनाया है।
राज चक्रवर्ती बंगाली सिनेमा का बड़ा नाम माने जाते हैं। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों का निर्देशन किया है। ‘चिरोदिनी तुमी जे आमार’, ‘चैलेंज’, ‘प्रेम आमार’, ‘दुई पृथिबी’, ‘ले चक्का’ और ‘बोझेना शे बोझेना’ जैसी फिल्मों ने उन्हें इंडस्ट्री में खास पहचान दिलाई। अपनी फिल्मों में रोमांस, इमोशन और मनोरंजन का तड़का लगाने वाले राज ने बाद में राजनीति की दुनिया में कदम रखा।
साल 2021 में उन्होंने सक्रिय राजनीति में एंट्री ली थी। तृणमूल कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें जनता के बीच काम करने का मौका दिया। पिछले पांच सालों में उन्होंने खुद को जनता से जोड़ने की कोशिश की, लेकिन 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा।
चुनाव हारने के बाद राज चक्रवर्ती ने बंगाली भाषा में एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने कहा कि जिंदगी में जब भी उन्हें कोई जिम्मेदारी मिली, उन्होंने पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ उसे निभाने की कोशिश की। चाहे फिल्म निर्देशन हो या राजनीति, उन्होंने हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की।
राज ने अपने संदेश में साफ किया कि अब उनकी राजनीतिक यात्रा यहीं खत्म होती है। उन्होंने कहा कि राजनीति का यह अध्याय अब समाप्त हो चुका है और आगे वह इस रास्ते पर नहीं बढ़ेंगे। हालांकि उन्होंने बंगाल की नई सरकार को शुभकामनाएं भी दीं और उम्मीद जताई कि राज्य विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।
चुनाव परिणाम वाले दिन राज चक्रवर्ती को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा जब वह मतगणना केंद्र पहुंचे। वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा गया कि कुछ लोगों ने उन्हें ‘चोर’ तक कहा और उनके ऊपर कीचड़ फेंकने की कोशिश की।
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान राज शांत नजर आए। उन्होंने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी और बिना विवाद बढ़ाए वहां से निकल गए। इस घटना के बाद उनके समर्थकों में भी नाराजगी देखने को मिली।
राज चक्रवर्ती की पत्नी और बंगाली अभिनेत्री सुभाष्री गांगुली ने इस मुश्किल समय में उनका खुलकर समर्थन किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर राज की कई तस्वीरें साझा करते हुए उन्हें अपना ‘सुपरहीरो’ बताया। सुभाष्री ने लिखा कि राज उनके परिवार की ताकत और गर्व हैं।
उनकी इस पोस्ट के बाद फैंस ने भी राज के समर्थन में कई प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने कहा कि हार-जीत राजनीति का हिस्सा है, जबकि कई यूजर्स ने उनके फिल्मी करियर में वापसी की उम्मीद जताई।
इस बार के चुनाव में पश्चिम बंगाल की राजनीति पूरी तरह बदलती नजर आई। बीजेपी ने लंबे समय बाद राज्य में बड़ी जीत हासिल की, जबकि ममता बनर्जी की पार्टी को सत्ता गंवानी पड़ी। ऐसे माहौल में कई नेताओं और फिल्मी हस्तियों के राजनीतिक भविष्य पर भी सवाल उठने लगे हैं।
राज चक्रवर्ती का राजनीति छोड़ने का फैसला अब बंगाल की सियासत और फिल्म इंडस्ट्री दोनों में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।