Rajat Dalal on Anurag Dobhal Suicide Attempt: लाइवस्ट्रीम के दौरान हुएअनुराग डोभाल द्वारा आत्महत्या करने की कोशिश पर इन्फ्लुएंसर रजत दलाल ने रिएक्शन देते हुए कहा कि वो उनके सुसाइड अटेम्पट का समर्थन नहीं करते, ये गलत है और एक्सेप्टेबल नहीं है।
Rajat Dalal on Anurag Dobhal Suicide Attempt: बिग बॉस के एक्स कंटेस्टेंट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रजत दलाल ने अनुराग डोभाल द्वारा शनिवार को इंस्टाग्राम लाइव सेशन के दौरान आत्महत्या करने की कोशिश पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। जानकरी के लिए बता दें कि फेमस यूट्यूबर यूके07 राइडर के नाम से पहचाने जाने वाले अनुराग डोभाल ने गाजियाबाद के मसूरी में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर इंस्टाग्राम लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान तकरीबन 150 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। इस घटना पर रिएक्शन देते हुए रजत ने अनुराग द्वारा आत्महत्या की इस कोशिश को सपोर्ट न करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया। इसके आगे उन्होंने कहा कि जीवन में हर किसी की जिंदगी में परेशानियां आती हैं, लेकिन आत्महत्या कोई समाधान नहीं है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर वीडियो शेयर करते हुए रजत ने कहा कि पारिवारिक के मामलों में कौन सही है और कौन गलत, यह उन्हें नहीं पता। लेकिन हर किसी को अपने जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सवाल किया, "इतना कौन सा इंसान टूट जाता है कि अपनी जिंदगी को ही खत्म करने चला जाता है?"
उन्होंने आगे कहा, "भाई, कोई भी दिक्कत आ रही हो, उसे गले लगाओ ना। किसके साथ दिक्कत नहीं आती? किसी का दिल टूट जाता है, कोई जुआ में हार जाता है, किसी के शरीर में दिक्कत होती है, किसी के घर में बीमारी होती है… ये सबके साथ होता है यार।"
रजत ने कहा कि अनुराग, जिसके सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं, को अपने फैंस पर पड़ने वाले असर के बारे में भी सोचना चाहिए। उन्होंने ऐसे कार्यों से दिए जाने वाले मैसेज पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या इससे यह समझ लेना चाहिए कि अगर पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में समस्याएं उत्पन्न रही हों, तो इंसान को सब कुछ छोड़ देना चाहिए और आत्महत्या कर लेनी चाहिए।
वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि वो पिछले कुछ दिनों से अनुराग से कॉन्टेक्ट करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उनसे बात नहीं हो पा रही है। रजत ने यह भी कहा कि वो आत्महत्या के प्रयास का 'एक प्रतिशत भी' समर्थन नहीं करते।
रजत ने आगे कहा, "कोई कुछ भी बोले, ये चीज गलत है और स्वीकार्य नहीं है। समस्याएं जीवन का हिस्सा हैं और आत्महत्या कोई समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका बच्चा आने वाला है, इतनी खुशी की बात है और यह उनके लिए गर्व का क्षण होना चाहिए, न कि हार मानने का समय।"
बता दें, इंस्टाग्राम पर लाइवस्ट्रीम के दौरान, डोभाल ये कह रहे थे कि, "मम्मी, अगर मैं अगले जन्म में आऊं, तो बस मुझे प्यार देना," इसके बाद उन्होंने अपनी कार की रफ्तार बढ़ा दी और कहा, "चलो आखिरी सफर पर चलते हैं।" वीडियो अचानक खत्म होने से कुछ क्षण पहले, उन्हें यह कहते हुए सुना गया, "हिम्मत थी लेकिन अब लोग ही नहीं बचेंगे। किसको फोन करूं?"
बता दें कि अनुराग द्वारा सुसाइड की ये कोशिश कुछ दिन पहले उनके द्वारा अपने परिवार पर लगाए गए आरोपों के बाद हुई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि इंटरकास्ट मैरिज के कारण उनकी फैमिली ने उनको मानसिक रूप से परेशान किया है।