
Ramayana Trailer: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर भारत के साथ-साथ पाकिस्तान में भी चर्चा बटोर रहा है। फिल्म के ट्रेलर पर पाकिस्तानी यूट्यूबर्स के रिएक्शन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन क्रिएटर्स ने फिल्म के भव्य विजुअल्स, वीएफएक्स, कलाकारों की परफॉर्मेंस और बड़े स्तर पर किए गए निर्माण की तारीफ की है। खास बात यह है कि उन्होंने फिल्म के कथित 4000 करोड़ रुपये के बजट को लेकर उठ रहे सवालों पर भी अपनी राय रखी।
पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल 'एमजी रिएक्शन्स' के कुछ क्रिएटर्स ने 'रामायण' के ट्रेलर पर प्रतिक्रिया दी। ट्रेलर देखते हुए वे कई दृश्यों पर काफी उत्साहित नजर आए। खास तौर पर रावण के किरदार, रणबीर कपूर की भगवान राम के रूप में एंट्री और जटायु से जुड़े युद्ध के दृश्य ने उनका ध्यान खींचा।
ट्रेलर खत्म होने के बाद क्रिएटर्स ने फिल्म की भव्यता और विजुअल ट्रीटमेंट पर चर्चा की। उन्हें फिल्म में दिखाई गई बारीकियां भी काफी पसंद आईं। उन्होंने ‘सोने की लंका’ के चित्रण का भी जिक्र किया और कहा कि फिल्म को काफी बड़े स्तर पर बनाया गया नजर आ रहा है।
रिएक्शन के दौरान पाकिस्तानी यूट्यूबर्स ने बताया कि उन्हें ‘रामायण’ की कहानी के बारे में ‘आदिपुरुष’ के जरिए कुछ जानकारी मिली थी। हालांकि, उनका मानना था कि नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में कहानी और दुनिया को ज्यादा विस्तार से दिखाने की कोशिश की गई है।
रावण को अपने साम्राज्य में चलते हुए दिखाया गया दृश्य भी उन्हें काफी प्रभावशाली लगा। इसके अलावा रावण के आक्रामक अंदाज और भगवान राम की शांत छवि के बीच का अंतर भी उनके रिएक्शन में चर्चा का विषय बना।
फिल्म के कथित 4000 करोड़ रुपये के बजट को लेकर भी पाकिस्तानी क्रिएटर्स ने अपनी प्रतिक्रिया दी। वीडियो में मौजूद एक महिला क्रिएटर ने फिल्म के बजट को लेकर होने वाली आलोचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर फिल्म बनाने में किसी दर्शक की जेब से सीधे पैसे नहीं लिए जा रहे हैं। उनके मुताबिक फिल्म निर्माण एक इंडस्ट्री है, जिसमें निवेशक भी होते हैं।
वहीं, एक दूसरी पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर माविया उमर फारूकी ने भी इंस्टाग्राम पर ट्रेलर को लेकर अपना रिएक्शन शेयर किया। उन्होंने फिल्म के विशाल स्तर और तकनीकी काम को देखकर हैरानी जताई। उन्होंने वीएफएक्स को खास तौर पर महंगा और बड़े स्तर का बताया।
माविया उमर फारूकी ने कहा कि एक पाकिस्तानी दर्शक के तौर पर वह फिल्म के ट्रेलर को देखकर उत्साहित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म के वीएफएक्स पर काफी बड़ा निवेश किया गया लगता है और इसके लिए हॉलीवुड के तकनीकी लोगों की मदद लिए जाने की बात भी कही।
हालांकि, फिल्म की कहानी भारतीय इतिहास और हिंदू धार्मिक परंपरा से जुड़ी है, लेकिन माविया ने कहा कि एक दर्शक के तौर पर उन्हें इसका ट्रेलर काफी प्रभावशाली लगा।
नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण, सनी देओल हनुमान, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और काजल अग्रवाल मंदोदरी के किरदार में दिखाई देंगी।
फिल्म का पहला भाग 6 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की जानकारी दी गई है। वहीं इसके दूसरे भाग को दिवाली 2027 के आसपास लाने की योजना बताई गई है, हालांकि इसकी सटीक रिलीज डेट अभी सामने नहीं आई है। फिल्म अपने विशाल बजट और वीएफएक्स को लेकर पहले से ही चर्चा में है और अब पाकिस्तान के दर्शकों और यूट्यूबर्स की प्रतिक्रियाओं ने इसकी चर्चा को और बढ़ा दिया है।