
Ranvir Shorey Viral Screenshot: एक्टर रणवीर शौरी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक स्क्रीनशॉट को लेकर विवादों में घिर गए हैं, जिसमें दावा किया जा रहा है कि उन्होंने अपनी वायरल 'Gen Z' रील की आलोचना करने वाली एक महिला यूजर को जवाब देते हुए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। हालांकि, वायरल स्क्रीनशॉट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और पोस्ट बाद में डिलीट कर दिया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर बहस तेज हो गई है।
मामला उस समय शुरू हुआ जब नव्या नाम की एक सोशल मीडिया यूजर ने रणवीर शौरी की हालिया वायरल 'Gen Z' रील की आलोचना करते हुए एक कमेंट किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे स्क्रीनशॉट में दावा किया गया कि रणवीर ने महिला की प्रोफाइल फोटो का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए आपत्तिजनक भाषा में जवाब दिया।
बताया जा रहा है कि ये कमेंट कुछ समय बाद डिलीट कर दिया गया, लेकिन उसके स्क्रीनशॉट विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए जाने लगे। बता दें, स्क्रीनशॉट में मौजूद भाषा आपत्तिजनक होने के कारण उसे शेयर नहीं किया जा रहा है। साथ ही, इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि भी नहीं हो सकी है।
विवाद के बीच रणवीर शौरी ने एक अन्य पोस्ट में महिला के कमेंट्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "ये है GenG।" इसके अलावा, जब एक यूजर ने उन्हें टैग करते हुए महिला को उसी अंदाज में जवाब देने की सलाह दी, तो रणवीर ने लिखा कि अगर वो उसी भाषा में जवाब देंगे तो सामने वाला "विक्टिम कार्ड" खेलेगा। ये कमेंट भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
इस पूरे विवाद के बाद सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आया। कुछ यूजर्स ने रणवीर शौरी की भाषा की आलोचना करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तो वहीं, कुछ लोगों का कहना था कि बहस में दोनों पक्षों की भाषा पर सवाल उठाए जाने चाहिए और केवल एक पक्ष को निशाना बनाना उचित नहीं है। फिलहाल, रणवीर शौरी की ओर से वायरल स्क्रीनशॉट और विवाद पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो रणवीर शौरी जल्द ही 'खोसला का घोंसला 2' में दिखाई देंगे। फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, प्रवीण डबास, तारा शर्मा और किरण जुनेजा जैसे स्टार्स भी नजर आएंगे। तो वहीं दिव्या खोसला, रवि किशन, निशांत वर्मा, कंगन बरुआ नांगिया और दानिश इकबाल नए स्टार के तौर पर शामिल हुए हैं। बता दें, प्रशांत बांगिया के निर्देशन में बनी ये फिल्म 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ये 2006 में आई फेमस फिल्म 'खोसला का घोंसला' का सीक्वल है।