5 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Pradeep Rawat Death: ‘महाभारत’ के अश्वत्थामा से लेकर ‘बिक्षु यादव’ तक, इस आखिरी फिल्म में भी अपनी छाप छोड़ गए प्रदीप रावत

Pradeep Rawat Last Film: अभिनेता प्रदीप रावत ने 74 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनकी आखिरी तेलुगु फिल्म से लेकर उनके अब तक निभाए गए सभी किरदारों के बारे में चलिए जानते हैं।
2 min read
Google source verification
Pradeep Rawat Last Film

प्रदीप रावत ( फोटो सोर्स- IMDb)

Pradeep Rawat Last Film: हिंदी और साउथ सिनेमा के दमदार अभिनेता प्रदीप रावत अब इस दुनिया में नहीं रहे। 74 साल की उम्र में कैंसर से लंबी जंग लड़ने के बाद उन्होंने 4 अगस्त को अंतिम सांस ली। प्रदीप रावत ने अपने करियर में सैकड़ों फिल्मों और टीवी शोज में काम किया, लेकिन साउथ सिनेमा में उन्हें जो पहचान मिली, उसने उन्हें खलनायकों की अलग ही श्रेणी में ला खड़ा किया। खास बात ये है कि जिस किरदार ने उन्हें तेलुगु सिनेमा में स्टार बनाया, उसी की झलक उनके आखिरी ऑन-स्क्रीन रोल में भी देखने को मिली।

'महाभारत' के अश्वत्थामा से शुरू हुआ सफर

प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1980 के दशक में हिंदी फिल्मों से की थी। हालांकि घर-घर में उनकी पहचान बी.आर. चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा के किरदार से बनी। इसके बाद उन्होंने 'लगान', 'गजनी', 'सरफरोश' और 'छावा' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से अलग पहचान बनाई।

राजामौली की फिल्म ने बदल दी किस्मत

साल 2004 में एस.एस. राजामौली की फिल्म 'सई' (Sye) से प्रदीप रावत ने तेलुगु सिनेमा में कदम रखा। इस फिल्म में उन्होंने 'बिक्षु यादव' नाम के खूंखार विलेन का किरदार निभाया। नाक में बड़ी सी रिंग, पारंपरिक पहनावा और डर पैदा करने वाला अंदाज दर्शकों के दिलो-दिमाग पर ऐसा छाया कि बिक्षु यादव आज भी टॉलीवुड के सबसे यादगार विलेन में गिना जाता है।

इसके बाद प्रदीप रावत ने 'छत्रपति', 'स्टालिन', 'देसामुदुरु' और तेलुगु में डब हुई 'गजनी' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में दमदार निगेटिव रोल निभाए। धीरे-धीरे उनका किरदार सिर्फ खलनायक तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अलग-अलग शेड्स में भी नजर आने लगा।

आखिरी फिल्म में दिखा 'बिक्षु' का नया रूप

प्रदीप रावत आखिरी बार इसी साल मई में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म 'गायापड्डा सिम्हम' (Gaayapadda Simham) में दिखाई दिए। इस फिल्म में उनका किरदार 'बिक्षु दास' था, जिसे उनके मशहूर किरदार बिक्षु यादव को श्रद्धांजलि के तौर पर देखा गया।

हालांकि इस बार उनका किरदार पहले जैसा खौफनाक नहीं था। फिल्म में वह एक तांत्रिक की भूमिका में नजर आए, जो दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ कहानी में भावनात्मक रंग भी जोड़ता है। उन्होंने एक ऐसे पिता का किरदार निभाया, जो चाहता है कि उसका बेटा परिवार की विरासत पर गर्व करे। इस तरह अपने आखिरी रोल में प्रदीप रावत ने यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ विलेन ही नहीं, बल्कि हर तरह के किरदार निभाने की क्षमता रखते थे।

कैंसर से हार गए जिंदगी की जंग

बताया जा रहा है कि प्रदीप रावत पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। कैंसर दोबारा लौट आने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और 4 अगस्त को उनका निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी कल्याणी और बेटे विक्रमादित्य हैं। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। अभिनेता यशपाल शर्मा समेत कई सितारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रदीप रावत भले ही अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन 'अश्वत्थामा', 'बिक्षु यादव' और 'बिक्षु दास' जैसे उनके किरदार हमेशा दर्शकों की यादों में जिंदा रहेंगे।