
Ravi Kishan On TMC MP Abhishek Banerjee: पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर सुर्खियों में है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस पूरे मामले पर भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की वकालत की है।
रवि किशन ने कहा कि जांच एजेंसियां किसी भी व्यक्ति के घर या दफ्तर पर बिना वजह नहीं पहुंचतीं। उनके अनुसार, पश्चिम बंगाल में लंबे समय तक सत्ता में रहने वाले लोगों के कार्यकाल के दौरान कई गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्षों तक जनता के पैसे का दुरुपयोग हुआ और सत्ता का लाभ उठाकर कुछ लोगों ने खुद को कानून से ऊपर समझ लिया।
भाजपा सांसद ने कहा कि लोकतंत्र में जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण है और यदि किसी पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं तो उसे जांच का सामना करना ही होगा। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान व्यवस्था में सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रवि किशन का मानना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और देर-सवेर हर आरोपी को अपने कर्मों का हिसाब देना पड़ता है।
राजनीतिक बयानबाजी के बीच रवि किशन ने मनोरंजन जगत से जुड़ी एक दुखद घटना पर भी अपनी संवेदना व्यक्त की। हाल ही में 22 वर्षीय टीवी अभिनेत्री संचिता उगले के निधन की खबर ने पूरे टीवी उद्योग को झकझोर दिया। इस मामले पर बोलते हुए रवि किशन ने कहा कि इतनी कम उम्र में किसी कलाकार का दुनिया छोड़ देना बेहद पीड़ादायक है।
उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जीवन में सुख-दुख आते रहते हैं, लेकिन कठिन परिस्थितियों का सामना करने के लिए व्यक्ति के भीतर मानसिक और आध्यात्मिक मजबूती होना जरूरी है। उनके अनुसार ध्यान, प्रार्थना और आध्यात्मिकता इंसान को अंदर से मजबूत बनाती है और मुश्किल समय में सहारा देती है।
बता दें हाल ही में भोजपुरी अभिनेता रवि किशन फिल्म मां-बहन में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी भी नजर आई थीं।