मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच के जॉइंट पुलिस कमिश्नर ने बताया कि विक्की गुप्ता और सागर पाल ने फायरिंग के पहले 3 बार रेकी की। आरोपियों ने सलमान खान के घर पर कुल पांच राउंड फायरिंग की थी।
सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी में गिरफ्तारी के बाद नए खुलासे हुए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तमाम अहम जानकारियां शेयर की हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने घटना से पहले तीन दिन तक पूरे इलाके की रेकी की थी।
मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच के जॉइंट पुलिस कमिश्नर लखमी गौतम ने कहा कि आरोपियों ने कुल पांच राउंड गोलियां चलाईं। गिरफ्तार किए गए दो लोगों ने फायरिंग करने से पहले एक्टर के घर के आसपास तीन बार रेकी की थी। दोनों आरोपियों की पहचान बिहार के रहने वाले विक्की गुप्ता और सागर पाल के रूप में हुई है।
मुंबई की एक अदालत ने मंगलवार को बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार दो लोगों को 25 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। दोनों आरोपियों को मंगलवार सुबह फ्लाइट से मुंबई लाया गया और उनकी मेडिकल जांच के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया था। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।