
Samay Raina Dig On Varun Dhawan: कॉमेडियन समय रैना का पॉपुलर रियलिटी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' एक बार फिर अपने बेबाक और मसालेदार कंटेंट के चलते सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। शो के लेटेस्ट एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन बतौर स्पेशल गेस्ट बनकर शामिल हुए, जहां समय रैना ने वरुण धवन को बॉर्डर 2 के लिए घेरा। उन्होंने कहा कि फिल्म खराब कर दी। ऐसे में एक्टर ने भी समय रैना को जवाब दे डाला।
यह पूरा वाकया तब शुरू हुआ जब शो के एक प्रतियोगी ने जजों के पैनल से 1 से 5 के बीच कोई एक संख्या चुनने को कहा। इस पर वरुण धवन ने चुटकी लेते हुए कहा, "मुझे नंबर 1 पसंद है।"
वरुण की बात खत्म होते ही समय रैना ने तंज कसते हुए बोले, "तो फिर तुमने 'बॉर्डर 2' क्यों खराब कर दी?" समय का यह सीधा और अप्रत्याशित हमला सुनकर खुद वरुण धवन भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और उन्होंने जवाब दे डाला। अभिनेता ने तुरंत कहा, "यार वो चली थी, उसने बॉक्स ऑफिस पर कमाई अच्छी की है।" वहीं वरुण के साथ शो में 12वीं फेल एक्ट्रेस मेधा शंकर भी पहुंची। काफी समय से सोशल मीडिया पर खबर है कि समय रैना और मेधा शंकर डेट कर रहे हैं।
बात यहीं नहीं रुकी; समय रैना ने वरुण धवन से उनकी आने वाली फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' का नाम पूछा। जैसे ही फिल्म का जिक्र आया, समय ने एक मजेदार मोड़ देते हुए कहा, "है पापा डायरेक्टर तो एक्टर तो होना ही है।" समय के इस तंज ने सीधे तौर पर डेविड धवन और वरुण धवन के बीच के नेपोटिज्म के मुद्दे पर वार किया।
इसके अलावा समय ने अपने पिछले विवादों का जिक्र करते हुए हंसते हुए कहा कि FIR दर्ज होने के बाद से उनके शो का स्तर इतना गिर गया है कि अब आलिया भट्ट और वरुण धवन जैसे बड़े सितारे उनके सेट पर आ रहे हैं। वहीं सह-जज शेरोन वर्मा ने भी वरुण धवन के उस पुराने बयान की याद दिलाई जिसमें उन्होंने 'दिलवाले' की तुलना 'इन्सेप्शन' से की थी, जिस पर वरुण ने हंसकर सफाई दी कि उन्होंने वह बात व्यंग्य में कही थी।
इस एपिसोड के कई क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। कई वरुण की तारीफ कर रहे हैं तो कई समय रैना को भी ट्रोल कर रहे हैं। उनका कहना है कि समय रैना हमेशा ऐसे ही स्टार्स को बुलाते हैं फिर उनकी बेइज्जती करते हैं।
बता दें, अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित और जेपी दत्ता व भूषण कुमार द्वारा निर्मित 'बॉर्डर 2' 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ स्टारर इस देशभक्ति फिल्म को भले ही क्रिटिक्स से मिली-जुली समीक्षाएं मिली थीं, लेकिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लाइफटाइम 465 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था।