मनोरंजन

Sanchita Ugale: संचिता उगले के सुसाइड पर सासंद रवि किशन का बयान, बोले- हर इंसान जिंदगी में दुख झेलता है

Ravi Kishan On Sanchita Ugale Death Case: अभिनेता रवि किशन ने हाल ही में एक्ट्रेस संचिता उगले के निधन पर दुख जताया है। साथ ही उन्होंने कहा है कि मानसिक स्थिति में सुधार के लिए लगातार आध्यात्म विचारों को अपनाना चाहिए।

2 min read
Jun 16, 2026
Ravi Kishan On Sanchita Ugale Death Case
Ravi Kishan On Sanchita Ugale Death Case (सोर्स- @sanchita_ugale )

Ravi Kishan On Sanchita Ugale Death Case: टीवी अभिनेत्री संचिता उगले की असामयिक मौत ने मनोरंजन जगत को गहरे शोक में डाल दिया है। महज 22 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली संचिता उगले का नाम पिछले कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। उनकी मौत के बाद जहां एक ओर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं दूसरी ओर इंडस्ट्री से जुड़े कलाकार और राजनीतिक हस्तियां भी इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दे रही हैं।

संचिता उगले के निधन पर रवि किशन ने जताया दुख

इसी बीच अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन ने संचिता उगले के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए मानसिक मजबूती और आध्यात्मिकता की जरूरत पर जोर दिया है। गोरखपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि एक युवा कलाकार का इस तरह दुनिया छोड़ जाना बेहद दुखद है और यह घटना हर किसी को सोचने पर मजबूर करती है।

‘अंदर से मजबूत होना जरूरी’

रवि किशन ने कहा कि जीवन में सुख और दुख दोनों आते-जाते रहते हैं। कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं है जिसने कभी कठिन समय या परेशान करने वाले विचारों का सामना न किया हो। लेकिन हर परिस्थिति में आगे बढ़ते रहना ही जीवन का सबसे बड़ा सत्य है। उन्होंने ध्यान, प्रार्थना और आध्यात्मिकता को मानसिक संतुलन बनाए रखने का अहम जरिया बताया।

उनके अनुसार, जब व्यक्ति जीवन के कठिन दौर से गुजरता है तो आध्यात्मिक सोच और आत्मिक शक्ति उसे टूटने से बचा सकती है। उन्होंने कहा कि मानसिक शांति पाने के लिए ध्यान और पूजा-पाठ जैसे अभ्यास लोगों को भीतर से मजबूत बनाते हैं।

मौत के बाद उठे कई सवाल

संचिता उगले की मौत के बाद उनकी निजी जिंदगी को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आई हैं। उनके साथ काम कर चुके कुछ कलाकारों ने दावा किया है कि अभिनेत्री बीते कुछ समय से भावनात्मक और मानसिक दबाव से गुजर रही थीं। हालांकि, अब तक किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही हैं।

इस बीच उनके एक को-स्टार ने ये भी कहा कि सोशल मीडिया पर उनके रिश्तों को लेकर जो बातें कही जा रही हैं, उनमें कई बातें वास्तविकता से मेल नहीं खातीं। अभिनेता ने साफकिया कि कई अफवाहों को बिना तथ्यों के फैलाया गया, जिससे भ्रम की स्थिति बनी।

मानसिक स्वास्थ्य पर फिर शुरू हुई बहस

संचिता उगले की मौत के बाद मनोरंजन उद्योग में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है। लगातार काम का दबाव, निजी जीवन की चुनौतियां और सार्वजनिक जीवन की जिम्मेदारियां कलाकारों को कई बार मानसिक रूप से प्रभावित करती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते भावनात्मक समस्याओं पर खुलकर बात करना और मदद लेना बेहद जरूरी है।

करियर के सुनहरे दौर में थीं संचिता

संचिता उगले ने कम समय में टीवी इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई थी। कई लोकप्रिय धारावाहिकों में अपने अभिनय से उन्होंने दर्शकों का दिल जीता। इसके अलावा उन्होंने फिल्मों में भी काम किया और अपने अभिनय कौशल से अलग पहचान बनाई। यही वजह है कि उनका अचानक जाना उनके प्रशंसकों और सहकर्मियों के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। वहीं, रवि किशन के बयान ने इस दुखद घटना के बीच मानसिक स्वास्थ्य और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण पर नई चर्चा छेड़ दी है।

Published on:
16 Jun 2026 02:56 pm