16 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गिप्पी ग्रेवाल ने किया बुरे दौर का खुलासा, बोले- ‘मेरी पत्नी सिक्योरिटी गार्ड का काम और मैं टॉयलेट साफ करता था’’

Gippy Grewal: हाल ही में पंजाबी सिंगर गिप्पी ग्रेवाल ने पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में बड़ी सफलता पाने से पहले किए गए कई तरह के छोटे-मोटे कामों के बारे में खुलकर बात की।

3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Rashi Sharma

Jun 16, 2026

Gippy Grewal Struggle Story

गिप्पी ग्रेवाल ने किया बुरे दौर का खुलासा। (फोटो सोर्स: IMDb)

Gippy Grewal Struggle Story: गिप्पी ग्रेवाल, जो जल्द ही 'कैरी ऑन जट्टा 4' में नज़र आएंगे, अपनी फिल्म का जोर-शोर से प्रमोशन कर रहे हैं क्योंकि ये उन चुनिंदा पंजाबी फिल्म फ्रेंचाइजी में से एक है जिसकी चौथी फिल्म आ रही है। भारती टीवी के साथ बातचीत के दौरान, गिप्पी ग्रेवाल से उनके स्टारडम के बारे में पूछा गया और उन्होंने उस समय को याद किया जब वो सिक्योरिटी गार्ड और क्लीनर जैसे कई काम करते थे और उनकी पत्नी, रवनीत कौर भी कनाडा में गुजारा करने के लिए अलग-अलग काम करती थीं।

हिट गाना होने के बावजूद सिक्योरिटी गार्ड का काम किया

भारती टीवी के साथ बातचीत में, गिप्पी ग्रेवाल ने बताया कि वे एक आम किसान परिवार से आते हैं और उन्हें अपना पहला एल्बम बनाने के लिए पैसे उधार लेने पड़े थे, जो फ्लॉप हो गया। दूसरा एल्बम भी नहीं चला, लेकिन गिप्पी ने एक और कोशिश करने का फैसला किया और तीसरा एल्बम रिलीज किया। तब तक उनकी शादी हो चुकी थी और वे अपनी पत्नी के साथ कनाडा जा चुके थे, जहाँ उन्हें गुज़ारा करने में मुश्किल हो रही थी।

शादी ने बदल दी किस्मत

उन्होंने अपने पहले हिट गाने "फुल्कारी" को याद करते हुए कहा, "शादी के बाद कहते हैं कि किस्मत चमकती है। तीसरे एल्बम का एक गाना लोगों को पसंद आया और हिट हो गया। वो मेरा पहला हिट गाना बना। आज वो हर शादी में बजता था। उस गाने ने मेरी जिंदगी बदल दी।"

कनाडा में भी बहुत मशहूर हुआ था 'फुल्कारी'

गिप्पी ग्रेवाल ने याद किया कि वह गाना कनाडा में भी बहुत मशहूर हुआ था और हर जगह बज रहा था, लेकिन किसी को पता नहीं था कि वह उनका गाना है। गिप्पी ने कहा कि गाने की सफलता के बावजूद, उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड का काम किया क्योंकि एक सिंगर के तौर पर उनके करियर से उन्हें कोई कमाई नहीं हो रही थी। उन्होंने कहा, "मैं उस समय सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। भले ही मेरा गाना हिट हो गया था, लेकिन मुझे गुज़ारे और परिवार के लिए पैसे कमाने थे। मुझे पता था कि जब तक मैं एक परफॉर्मर या सिंगर के तौर पर अच्छी कमाई नहीं करने लगता, तब तक मुझे बिल भरने के लिए काम करना होगा।"

‘मेरी वाइफ ने किया सिक्योरिटी गार्ड का काम और मैं टॉयलेट साफ करता था’

गिप्पी ने आगे बताया कि उस समय उनकी पत्नी रवनीत भी काम करती थीं। उन्होंने कहा, “वो सुबह 6 बजे Subway में काम पर जाती थीं, शाम 4 बजे तक वहां काम करती थीं और फिर सिक्योरिटी गार्ड का काम करती थीं। इसी तरह मुझे भी उसी जगह नौकरी मिली।” उन्हें एक बंद फैक्ट्री के बाहर पूरी रात बैठना पड़ता था, हर दो घंटे में चक्कर लगाने पड़ते थे और रिपोर्ट करना होता था कि सब ठीक है या नहीं। उन्होंने कहा, “जांच करने के बाद मुझे हर दो घंटे में फोन करके कहना होता था कि ‘सब कुछ सुरक्षित है’। उस लाइन को याद करने में ही मुझे दो दिन लग गए। उस समय मेरी अंग्रेजी बहुत कमजोर थी।”

इसके बाद गिप्पी ने उन कई तरह के कामों के बारे में बताया जो उन्होंने इस दौरान किए। उन्होंने बताया कि वह सुबह 4 बजे तक गार्ड का काम करते थे, फिर घर से अपनी पत्नी को साथ लेते थे और दोनों मिलकर दो घंटे तक न्यूज पेपर बांटते थे। उन्होंने बताया कि उन्हें एक मॉल में क्लीनर की नौकरी भी मिली, जहां उनकी पत्नी फ़ूड कोर्ट में ट्रे साफ करती थीं और वो वहां झाड़ू लगाते थे। उन्होंने कहा, “मुझे सब कुछ करना पड़ता था। मुझे टॉयलेट भी साफ करने पड़ते थे।”

मॉल में टॉयलेट साफ करने के 13 डॉलर मिलते थे

गिप्पी ने बताया कि भारत में ऐसा लग सकता है कि वो कुछ बहुत खास काम कर रहे थे, लेकिन असल में ये एक ऐसा काम था जो उन्हें अच्छी जिंदगी जीने के लिए करना ही था। उन्होंने बताया, “दूसरे कामों में मुझे 8 डॉलर मिलते थे, लेकिन मॉल में टॉयलेट साफ करने के मुझे लगभग 13 डॉलर मिलते थे।' इसके आगे उन्होंने कहा कि इन सबके बीच एक अच्छी बात ये थी कि अखबार बांटने के दौरान, मैं और मेरी पत्नी साथ रहते थे और बातें करते हुए समय बिताते थे।” गिप्पी और रवनीत के तीन बेटे हैं।

गिप्पी ग्रेवाल की फिल्म ‘Carry On Jatta 4’

गिप्पी ग्रेवाल की अपकमिंग फिल्म ‘Carry On Jatta 4’ पंजाबी सिनेमा की चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी का अगला भाग है, जो आने वाली 26 जून को रिलीज होने वाली है. फिल्म में गिप्पी ग्रेवाल के साथ सोनम बाजवा और अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म अपने मजेदार किरदारों, कॉमेडी और पारिवारिक मनोरंजन के लिए दर्शकों के बीच चर्चा में है।