मनोरंजन

‘घर में घुसकर बैठे हो कि काम बंद ना हो जाएं’, फूट-फूट कर रोईं अभिनेत्री सीमा पाहवा, छात्रों के समर्थन में बॉलीवुड की चुप्पी पर बोलीं- शर्मनाक

Seema Pahwa Crying Over CJP Protest: NEET पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हो रहे छात्रों के आंदोलन पर सीमा पाहवा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
2 min read
Jul 22, 2026
Seema Pahwa Crying Over CJP Protest
सीमा पाहवा ने बॉलीवुड को लगाई लताड़ (फोटो सोर्स- Instagram/seemabhargavapahwa)

Seema Pahwa Crying Over CJP Protest: NEET पेपर लीक को लेकर देशभर में जारी छात्र आंदोलन के बीच अबबॉलीवुड की वरिष्ठ अभिनेत्री सीमा पाहवा खुलकर छात्रों के समर्थन में सामने आई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो साझा करते हुए फिल्म इंडस्ट्री की चुप्पी पर सवाल उठाए और कहा कि ऐसे समय में हर बड़े चेहरे को छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए। उनका मानना है कि डर या अपने करियर की चिंता इंसानियत से बड़ी नहीं हो सकती।

सीमा पाहवा ने कहा कि जिन छात्रों के साथ अन्याय हुआ है, उनके दर्द को महसूस करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतने बड़े-बड़े कलाकार और प्रभावशाली लोग क्यों चुप हैं। उनके मुताबिक, अगर लोग केवल इस डर से आवाज नहीं उठा रहे कि उनका काम, सम्मान या पुरस्कार प्रभावित हो सकते हैं, तो यह बेहद दुखद स्थिति है।

सीमा पाहवा हो गईं भावुक

अपने वीडियो में सीमा भावुक भी नजर आईं। सीमा पाहवा ने अपने वीडियो में कहा, 'क्या आपको उन बच्चों के लिए बिल्कुल भी हमदर्दी नहीं है? आप सब अपने-अपने घरों में बैठे हुए हैं। जो बड़े-बड़े नाम हैं, उन्हें शर्म आनी चाहिए। इंसानियत को जगाइए। क्या सिर्फ इस डर से चुप हैं कि कहीं आपका काम बंद न हो जाए या आपको मिलने वाले अवॉर्ड्स रुक न जाएं? आज देश को हर इंसान की जरूरत है।

हर क्षेत्र के लोगों की जरूरत है। चाहे वह किसी भी पेशे से जुड़ा हो, अगर वह समाज में प्रभाव रखता है तो उसे आगे आकर छात्रों का समर्थन करना चाहिए। लेकिन हम सब चूहे की तरह अपने-अपने बिलों में छिपे बैठे हैं, क्योंकि हमें अपनी जगह और अपनी इज्जत बचानी है।

लेकिन क्या आपको लगता है कि जो बच्चे आज सड़कों पर उतरकर मार खा रहे हैं, लाठियां झेल रहे हैं और खून बहा रहे हैं, वे कल आपका साथ देंगे? किस भरोसे पर आप बड़े बनेंगे? सरकार के भरोसे? अगर जनता ही आपसे नाराज हो गई और आपका साथ छोड़ दिया, तो फिर सरकार भी आपका क्या कर लेगी?'

शबाना आजमी की भी सराहना की

अभिनेत्री ने वरिष्ठ कलाकार शबाना आजमी की भी सराहना की, जो प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच पहुंचकर उनका समर्थन कर रही हैं। सीमा ने कहा कि यदि उनकी अपनी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें न होतीं, तो वह भी छात्रों के साथ मैदान में उतरतीं। उन्होंने लोगों से घरों से बाहर निकलकर छात्रों के समर्थन में आवाज उठाने की अपील की।

इसी मुद्दे पर अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह ने भी छात्रों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता जताई तथा कहा कि उनकी पीढ़ी समय रहते जरूरी बदलाव नहीं ला सकी, जिसके लिए उन्हें अफसोस है। वहीं अभिनेता राजकुमार राव, जॉनी लीवर और सौम्या टंडन ने भी छात्रों की बात सुनने, संवाद स्थापित करने और शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की है।

छात्र आंदोलन के बीच मनोरंजन जगत की बढ़ती प्रतिक्रियाओं ने इस मुद्दे को और अधिक चर्चा में ला दिया है। अब सोशल मीडिया पर भी बहस तेज है कि क्या समाज के प्रभावशाली लोगों को ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखनी चाहिए।

Updated on:
22 Jul 2026 04:03 pm
Published on:
22 Jul 2026 04:03 pm