मनोरंजन

‘शाहरुख-सलमान इनकी मदद करें’, शरद कपूर के वीडियो पर फैंस ने लगाई मदद की गुहार, बोले- ‘इन्हें काम मिलना चाहिए’

Sharad Kapoor Viral Video Fans Reaction: शरद कपूर ने हाल ही में अपने एक वीडियो में अपनी आर्थिक तंगी और खराब सेहत पर चल रही अटकलों पर सफाई देते हुए कहा कि उनको पैसे की नहीं काम की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री और CINTAA से मदद की गुहार लगाई। अब उनके इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स और उनके फैंस अपना समर्थन जाहिर कर रहे हैं।
4 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 2:23 PM IST
Sharad Kapoor Viral Video Fans Reaction
शरद कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री और CINTAA से मदद की अपील की। (फोटो सोर्स: @jaya.bhattacharya/instagram)

Sharad Kapoor Viral Video Fans Reaction: फिल्म 'जोश' के एक्टर शरद कपूर इन दिनों चर्चा में हैं और इसका कारण हाल ही में वायरल हुआ उनका एक वीडियो है। इसमें वीडियो में वो इमोशनल नजर आये क्योंकि उनकी खराब सेहत के चलते, उन्हें अपने चार पालतू कुत्तों की देखभाल करने लिए एक एनिमल वेलफेयर सेंटर में भेजना पड़ा। इसके बाद एक और वीडियो में शरद कपूर को खड़े होने के लिए दिक्कत और सहारे के लिए वॉकर का इस्तेमाल करते देखा गया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद उनके फैंस चिंतित हो गए और उनकी आर्थिक स्थिति और सेहत को लेकर सवाल उठाए। हालांकि, एक्टर का अब एक और वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने अपनी आर्थिक तंगी और काम को लेकर बात की है, जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स उनको काम देने की अपील करते हुए उनको एक बेहतरीन एक्टर बता रहे हैं।

वायरल वीडियो के बाद शरद कपूर ने काम के अवसर मांगे

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे आर्थिक तंगी और खराब सेहत के वीडियोज के बीच शरद कपूर ने साफ किया है कि वह किसी आर्थिक तंगी का सामना नहीं कर रहे हैं, बल्कि बस काम के अच्छे अवसर तलाश रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद, अभिनेत्री और पशु अधिकार कार्यकर्ता जया भट्टाचार्य उनसे मिलने पहुंचीं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें शरद ने फिल्म इंडस्ट्री और 'सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन' (CINTAA) से मदद की अपील की।

वीडियो में शरद ने कहा, "मैं CINTAA से अपील करना चाहता हूं कि मैं काम की तलाश में हूं। मुझे आपके सपोर्ट की जरूरत है, और मुझे पता है कि आपने हमेशा अपने आसपास के लोगों का साथ दिया है। मेरे लिए थोड़ा सा मॉरल सपोर्ट भी काफी होगा।" इसके आगे अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर चल रही अटकलों पर उन्होंने कहा, "मैं एक बेहतरीन अभिनेता हूं, यह तो आप जानते ही हैं। पैसा कोई समस्या नहीं है। असल बात बस इतनी है कि मैं फिर से काम शुरू करना चाहता हूं।"

शरद कपूर ने मांगे काम के अवसर तो फैंस ने भी किया उनको सपोर्ट

अब शरद कपूर के इस वीडियो पर उनके फैंस अपने रिएक्शंस दे रहे हैं। कई यूजर्स ने उन्हें एक बेहतरीन अभिनेता बताते हुए उनके जल्द फिल्मों में वापसी की प्रार्थना की। एक यूजर ने लिखा, 'उम्मीद है कि इतने टैलेंटेड एक्टर को जल्द ही प्रोड्यूसर्स और क्रिएटर्स काम के अच्छे अवसर देंगे।' वहीं, एक फैन ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'हम शरद कपूर को फिर से बड़े पर्दे पर देखना चाहते हैं।'

शरद कपूर की पोस्ट पर फैंस के कमेंट्स। (फोटो सोर्स: @jaya.bhattacharya/instagram)
शरद कपूर की पोस्ट पर फैंस के कमेंट्स। (फोटो सोर्स: @jaya.bhattacharya/instagram)

वहीं, एक फैन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'शाहरुख खान, सलमान खान और करण जौहर, अगर आप सुन रहे हैं तो प्लीज इनकी मदद कीजिए और इन्हें काम दीजिए।' वहीं, कई यूजर्स ने एक्टर को अपना ख्याल रखने और जल्द सिल्वर स्क्रीन पर वापसी करने की शुभकामनाएं भी दीं।

शरद कपूर की पोस्ट पर फैंस के कमेंट्स। (फोटो सोर्स: @jaya.bhattacharya/instagram)

एक यूजर ने लिखा, 'आप जल्द ही शानदार वापसी करेंगे।' बता दें शायद कपूर के इस वीडियो पर बांग्लादेश और पाकिस्तान के फैंस ने भी अपना प्यार और सपोर्ट जाहिर किया।

शरद कपूर की पोस्ट पर फैंस के कमेंट्स। (फोटो सोर्स: @jaya.bhattacharya/instagram)

पैर की चोट के बाद शरद कपूर ने अपनी सेहत का अपडेट दिया

अपने वीडियो में शरद ने अपनी हेल्थ प्रॉब्लम के बारे में भी बात की, जिस वजह से वह काम से दूर हैं। उन्होंने बताया कि बार्सिलोना में फुटबॉल खेलते समय उनके पैर में चोट लग गई थी। उन्होंने कहा, "मैं बेवकूफों की तरह बार्सिलोना में फुटबॉल खेलने चला गया। वहां सभी बेहतरीन खिलाड़ियों को देखकर मुझे लगा कि मैं भी मेसी हूं, और इसी सोच के चक्कर में मेरे पैर में चोट लग गई। एक दूसरे खिलाड़ी का पैर मुझसे बस हल्का सा ही टकराया था कि मुझे पता चल गया कि मैं तो गया, और मैं घायल हो गया हूं।"

शरद कपूर को फिल्मों, सीरियल्स और OTT में है काम की तलाश

हालांकि, शरद ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि अगले दो महीनों में वे पूरी तरह ठीक हो जाएंगे, और जनवरी 2027 से वे फिर से काम शुरू कर सकेंगे। इसके साथ ही अभिनेता ने अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स, खासकर नेटफ्लिक्स और जियो जैसी OTT सेवाओं पर काम करने की इच्छा जताई है। उन्होंने आगे कहा कि अगर उन्हें फिर से काम करने का मौका मिलता है, तो उन्हें बहुत खुशी होगी।

Updated on:
14 Nov 2026, 2:23 PM IST
Published on: