
Shilpa Shinde Recalls Fake MMS Incident: टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने अपनी जिंदगी के उस मुश्किल दौर का खुलासा किया है, जिसने उन्हें मानसिक रूप से पूरी तरह झकझोर कर रख दिया था। 'लॉक अप' के हालिया एपिसोड में शिल्पा ने बताया कि 'भाबीजी घर पर हैं' छोड़ने के बाद उन्हें न सिर्फ पेशेवर परेशानियों का सामना करना पड़ा, बल्कि उनकी छवि खराब करने की भी कथित कोशिश की गई। अभिनेत्री ने दावा किया कि उनके नाम पर एक फर्जी एमएमएस वायरल करने की धमकी दी गई थी, जिससे वह बुरी तरह टूट गई थीं।
शिल्पा शिंदे ने बताया कि शो छोड़ने के कुछ समय बाद उन्हें एक महिला पत्रकार की ओर से एक वीडियो क्लिप भेजी गई। अचानक ऐसा वीडियो मिलने के बाद वो घबरा गईं। उन्हें डर था कि कहीं ये किसी निजी पल का वीडियो तो नहीं है।
उन्होंने बताया कि कुछ देर तक हिम्मत नहीं जुटा पाईं और अपनी कार में बैठकर काफी सोचने के बाद वीडियो देखा। वीडियो धुंधला था और उसमें एक महिला दिखाई दे रही थी, लेकिन शिल्पा का कहना है कि वह महिला वह नहीं थीं।
अभिनेत्री के मुताबिक उन्होंने तुरंत साफ कर दिया कि वीडियो में दिख रही महिला उनसे बिल्कुल अलग है। इसके बावजूद कथित तौर पर उन्हें चेतावनी दी गई कि इस वीडियो को उनके नाम से सार्वजनिक कर दिया जाएगा।
शिल्पा ने बताया कि उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर क्राइम विभाग से संपर्क किया और कई घंटों तक अधिकारियों के साथ बैठकर शिकायत दर्ज कराई। लेकिन इसके बावजूद इंटरनेट पर वीडियो 'भाभी जी का MMS आउट' जैसे फेक टाइटल के साथ वायरल कर दिया गया। शिल्पा का कहना था कि उनके फर्जी वीडियो को MMS बताया जा रहा था।
शिल्पा ने कहा कि इस घटना का असर सिर्फ उन पर ही नहीं बल्कि उनके पूरे परिवार पर पड़ा। उन्होंने बताया कि उनकी मां और आसपास के लोग भी परेशान हो गए थे और उनसे सवाल पूछने लगे कि क्या वीडियो वास्तव में उनका है। अभिनेत्री ने कहा कि उस दौर में उन्हें मानसिक रूप से काफी संघर्ष करना पड़ा और अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए लगातार कोशिश करनी पड़ी।
शिल्पा शिंदे ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उसी दौरान उनके खिलाफ एक आपराधिक मामला भी दर्ज कराया गया था। उन्होंने दावा किया कि 'बिग बॉस 11' में हिस्सा लेने से पहले उन्हें अदालत से जमानत लेनी पड़ी थी।
उनके मुताबिक उस समय लगातार कानूनी और मानसिक दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और हर चुनौती का सामना किया।
शिल्पा शिंदे ने 'भाबीजी घर पर हैं' में अंगूरी भाभी का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रियता हासिल की थी। साल 2016 में निर्माता के साथ विवाद के बाद उन्होंने शो छोड़ दिया था। इसके बाद 2017 में उन्होंने 'बिग बॉस 11' में हिस्सा लिया और विजेता बनीं।
करीब एक दशक बाद दिसंबर 2025 में उन्होंने 'भाबीजी घर पर हैं 2.0' के जरिए एक बार फिर अपनी चर्चित भूमिका में वापसी की। अब 'लॉक अप' में किया गया उनका खुलासा एक बार फिर उस पुराने विवाद को सुर्खियों में ले आया है।