India's Got Latent breakout star Sukrut Deo: 'India’s Got Latent 2' के पहले एपिसोड ने एक आम से दिखने वाले कंटेस्टेंट सुकृत देव की किस्मत पलट दी। न वो प्रोफेशनल एक्टर थे, न स्टैंड-अप कॉमेडियन-बस एक क्रिएटिव माइंड के साथ स्टेज पर आए। उनके यूनिक टैलेंट और बेबाक अंदाज ने जजेस समेत आलिया भट्ट-शरवरी को भी हैरान कर दिया।

India's Got Latent breakout star Sukrut Deo: मराठी थिएटर की दुनिया से आने वाले कलाकार सुकृत देव इन दिनों सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। इसकी वजह उनका हालिया परफॉर्मेंस है, जो उन्होंने कॉमेडियन समय रैना के फेमस शो ‘India’s Got Latent 2’ में दिया। इसमें सबसे खास बात ये है कि एक ही एपिसोड ने उनकी पहचान को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया और रातों-रात उन्हें इंटरनेट सेंसेशन बना दिया।
‘India’s Got Latent 2’ शो में आने से पहले सुकृत देव के इंस्टाग्राम पर करीब 6 से 7 हजार फॉलोअर्स थे, लेकिन एपिसोड रिलीज होने के कुछ ही घंटों के अंदर उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और उनके फॉलोअर्स लाखों की ओर बढ़ने लगे और अब देखते ही देखते उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर 1 लाख से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं और ये संख्या लगातार बढ़ ही रही है।दरअसल, सुकृत लंबे समय से मराठी थिएटर से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अभिनय, कविता, कॉमेडी और मंच कला के क्षेत्र में कई सालों तक काम किया है और लगभग 7 सालों के थिएटर अनुभव ने उनकी प्रस्तुति को एक अलग पहचान दी, जो शो में साफ दिखाई दी।
इससे पहले एक एक्ट में सुकृत ने एक शराबी व्यक्ति का किरदार निभाया। खास बात ये रही कि उन्होंने पूरे समय अपने किरदार को नहीं छोड़ा। समय रैना के मजाक और बीच-बीच में आने वाली कमेंट्स के बावजूद वो लगातार उसी भूमिका में बने रहे। यहां तक कि जब पैनल में मौजूद आलिया भट्ट ने मजाक में "कट" कहा, तब भी सुकृत देव अपने किरदार से बाहर नहीं आए।
उनकी प्रस्तुति में जो सबसे खास था वो था उनकी कविता के आखिर में सुनाई गई इमोशनल कहानी। इस कविता में उन्होंने एक कलाकार के संघर्ष, समर्पण और संवेदनाओं को शब्दों में पिरोया। उनके शब्दों ने दर्शकों और जजों को इमोशनल कर दिया और परफॉर्मेंस खत्म होते ही उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन मिला, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ भी शामिल थीं।
फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सुकृत इमोशनल होकर रोते हुए नजर आए है। इस दौरान स्टेज पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और उनकी मेहनत की सराहना की। यही पल दर्शकों के दिलों को सबसे ज्यादा छू गया। कई लोगों ने इसे शो के इतिहास के सबसे सच्चे और इमोशनल मोमेंट्स में से एक बताया। बता दें, सुकृत देव की कामयाबी पर आलिया भट्ट ने भी सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ की, जबकि समय रैना ने उन्हें 'स्टार' कहकर बधाई दी। सुकृत ने भी अपने सपोर्टर्स और शो की टीम का धन्यवाद किया।