मनोरंजन

‘शहजाद ने मुझे लड़की के लिए नहीं छोड़ा’, भाई के सपोर्ट में आए तहसीन पूनावाला, तेज प्रताप यादव को बताया फ्लॉप

Shahzad Poonawala Rise And Fall 2: 'राइज एंड फॉल 2' में शहजाद पूनावाला के सपोर्ट में उनके भाई तहसीन पूनावाला ने एक पोस्ट किया है। दोनों भाइयों के बीच पिछले कुछ समय से खटपट की खबरें भी चल रही हैं, इस पर भी तहसीन पूनावाला ने सफाई पेश की है।
2 min read
• •
Oct 14, 2026
Shahzad Poonawala Rise And Fall 2
तहसीन पूनावाला-शहजाद पूनावाला (फोटो सोर्स- IMDb)

Shahzad Poonawala Rise And Fall 2: रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में शहजाद पूनावाला और तेज प्रताप यादव के बीच हुए विवाद के बाद अब शहजाद के भाई तहसीन पूनावाला भी चर्चा में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर एक दावा वायरल हुआ था कि शहजाद ने अपने भाई तहसीन से किसी लड़की की वजह से दूरी बनाई थी। अब तहसीन ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

राजनीतिक विश्लेषक और सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साफ किया कि उनके और शहजाद के बीच मतभेद जरूर हैं, लेकिन इसकी वजह कोई लड़की नहीं है। उन्होंने कहा कि शहजाद ने उन्हें किसी महिला के लिए नहीं छोड़ा था और सोशल मीडिया पर किया जा रहा यह दावा सही नहीं है।

तहसीन पूनावाला का पोस्ट

तहसीन पूनावाला ने किया पोस्ट

तहसीन ने अपने पोस्ट में लिखा कि उनके और शहजाद के बीच 'बड़े मतभेद' हैं, लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ कि शहजाद ने किसी लड़की के लिए उनसे रिश्ता खत्म किया हो। इसी पोस्ट में तहसीन ने तेज प्रताप यादव पर भी अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि शो में तेज प्रताप का प्रदर्शन फ्लॉप रहा, जबकि शहजाद शो में अपनी जगह बनाए हुए हैं। तहसीन ने बिहार की राजनीति को लेकर भी तेज प्रताप पर टिप्पणी की।

‘राइज एंड फॉल 2’ में कैसे शुरू हुआ विवाद?

दरअसल, ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ के एक एपिसोड में तेज प्रताप यादव ने शहजाद के एक फैसले पर सवाल उठाया था। शहजाद ने राज ग्रोवर और गौतम गुलाटी को बेसमेंट में भेजने का फैसला लिया था, जबकि इरिना रुडाकोवा और खुद को बचाया था। इसी फैसले को लेकर बहस शुरू हुई, जिसमें गौतम गुलाटी भी शामिल हो गए।

गौतम ने शहजाद पर जलन, असुरक्षा और चालाकी से रणनीति बनाने का आरोप लगाया। इसके बाद राज ग्रोवर ने भी लड़की और भाई में से चुनाव करने को लेकर टिप्पणी की। तेज प्रताप ने भी इशारा किया कि शहजाद महिलाओं के चक्कर में पड़ गए हैं। गौतम ने भी ‘लड़की का चक्कर’ वाली बात कही।

शहजाद पूनावाला खो बैठे अपना आपा

इस टिप्पणी पर शहजाद अपना आपा खो बैठे। उन्होंने तेज प्रताप से कहा कि लड़की की वजह से फैसला लेने वाली बात न करें। दोनों के बीच बहस बढ़ गई और शहजाद ने तेज प्रताप को धक्का भी दिया। तेज प्रताप ने इसके बाद शहजाद को चेतावनी देते हुए कहा कि उनसे इस तरह बात न करें और जरूरत पड़ने पर प्रोडक्शन टीम को बुलाएंगे।

वहीं, शो में स्वरा भास्कर ने शहजाद के फैसले का बचाव करते हुए इसे अस्थायी व्यवस्था बताया। विवाद के बाद शहजाद ने गौतम से भी रिश्ते खराब न करने की बात कही।

अब इस पूरे विवाद के बीच तहसीन पूनावाला की सफाई सामने आई है। उन्होंने साफ किया है कि उनके और शहजाद के बीच पुराने मतभेदों की वजह कोई लड़की नहीं रही है। ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ का निर्माण बनिजय एशिया ने किया है और इसे वीरेंद्र सहवाग होस्ट कर रहे हैं। शो प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होता है।

Updated on:
14 Oct 2026 11:46 am
Published on:
14 Oct 2026 11:45 am