Thalapathy Vijay Divorce Controversy: थलापति विजय की निजी जिंदगी इन दिनों सुर्खियों में है। उनकी पत्नी संगीता के साथ चल रहा उनका तलाक का केस भी सुर्खियों में आ गया है।
Thalapathy Vijay-Sangeetha Divorce Controversy: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार और अब तमिलनाडु की राजनीति का बड़ा चेहरा बन चुके थलापति विजय इन दिनों अपनी प्रोफेशनल सफलता से ज्यादा निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। एक तरफ उनकी पार्टी टीवीके ने चुनावी मैदान में शानदार प्रदर्शन कर सबको चौंका दिया, तो दूसरी तरफ उनकी शादीशुदा जिंदगी को लेकर उठे सवालों ने फैंस को हैरान कर दिया है। कभी एक-दूसरे के प्यार में डूबे नजर आने वाले विजय और उनकी पत्नी संगीता सोरनलिंगम का रिश्ता अब अदालत तक पहुंच चुका है।
दिलचस्प बात यह है कि संगीता कोई फिल्मी दुनिया से जुड़ी हस्ती नहीं थीं, बल्कि वो विजय की जबरदस्त फैन थीं। यूके में रहने वाली संगीता पहली बार विजय से मिलने चेन्नई पहुंची थीं। फिल्म के सेट पर हुई एक मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर दोनों ने साल 1999 में शादी कर ली। उस वक्त यह शादी काफी चर्चा में रही क्योंकि एक सुपरस्टार ने अपनी फैन को जीवनसाथी बनाया था।
लेकिन वक्त के साथ इस रिश्ते में दूरियां आने लगीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक संगीता ने अदालत में दावा किया कि साल 2021 के बाद विजय के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। उन्होंने कोर्ट में कहा कि वो खुद को धीरे-धीरे विजय की जिंदगी से अलग महसूस करने लगी थीं। संगीता का आरोप है कि विजय का एक अभिनेत्री के साथ कथित तौर पर बेहद करीबी रिश्ता बन गया था, जिसने उनके वैवाहिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। दिसंबर 2025 से ही संगीता ने तलाक की अर्जी दायर की हुई है।
पत्नी ने कोर्ट में ये भी कहा कि विजय ने उनसे कई बार रिश्ता सुधारने का भरोसा दिया, लेकिन हालात पहले जैसे नहीं हुए। संगीता के मुताबिक सोशल मीडिया पर लगातार ऐसी तस्वीरें और वीडियोज सामने आते रहे, जिनसे उन्हें और बच्चों को मानसिक रूप से ठेस पहुंची। उन्होंने अदालत को बताया कि सार्वजनिक चर्चाओं और अफवाहों की वजह से परिवार को अपमान और तनाव झेलना पड़ा।
संगीता ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय में उनकी स्वतंत्रता और सुविधाओं पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी गईं। उन्होंने कोर्ट से आर्थिक सुरक्षा और रहने के अधिकार की मांग करते हुए कहा कि कानूनी प्रक्रिया के दौरान उनके पास भारत में रहने के लिए स्थायी ठिकाना नहीं है। उनके अनुसार यह रिश्ता अब केवल कागजों तक सीमित रह गया है।
इस पूरे विवाद में अभिनेत्री तृषा कृष्णन का नाम भी लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। हाल के महीनों में विजय और तृषा को कई मौकों पर साथ देखा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि अब तक विजय, तृषा या उनके परिवार की तरफ से इन खबरों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
इसी बीच विजय के बेटे जेसन संजय को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गईं। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि उन्होंने अपने पिता को इंस्टाग्राम पर फॉलो करना बंद कर दिया है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि जेसन इस मुश्किल दौर में अपनी मां संगीता के साथ खड़े हैं।