मनोरंजन

थलापति विजय के शपथ ग्रहण में शामिल होने पहुंचीं तृषा कृष्णन, तमिलनाडु में नया सियासी अध्याय

Trisha Krishnan In Thalapathy Vijay Oath Taking Ceremony: थलापति विजय के शपथ ग्रहण समारोह में अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने पहुंचकर एक बार फिर चर्चाओं को हवा दे दी है।

2 min read
May 10, 2026
Trisha Krishnan In Thalapathy Vijay Oath Taking Ceremony (सोर्स- एक्स)

Trisha Krishnan In Thalapathy Vijay Oath Taking Ceremony: तमिलनाडु की राजनीति में आज ऐतिहासिक दिन माना जा रहा है। अभिनेता से नेता बने सी जोसेफ विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं और इस खास मौके पर चेन्नई का नेहरू स्टेडियम पूरी तरह चर्चा में बना हुआ है। राजनीतिक हस्तियों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे भी इस समारोह में शामिल होने पहुंचे। लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने बटोरीं, जिनकी मौजूदगी ने सोशल मीडिया पर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया।

ये भी पढ़ें

सुवेंदु अधिकारी के स्टिंग ऑपरेशन ने फिर मचाया बवाल, बंगाल सीएम को लेकर प्रकाश राज बोले- कितने बेशर्म हैं

शपथ ग्रहण के लिए घर से रवाना हुईं तृषा (Trisha Krishnan In Thalapathy Vijay Oath Taking Ceremony)

तृषा कृष्णन रविवार सुबह चेन्नई स्थित अपने घर से सीधे शपथ ग्रहण समारोह के लिए रवाना हुईं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वो इस समारोह को लेकर बेहद उत्साहित हैं और इसका इंतजार कर रही थीं। बस इतना कहना था कि सोशल मीडिया पर उनके वीडियो तेजी से वायरल होने लगे।

विजय के खास दिन पर पहुंचीं तृषा

तृषा और विजय की दोस्ती लंबे समय से चर्चा में रही है। दोनों ने साथ में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है और अक्सर दोनों की बॉन्डिंग सोशल मीडिया पर भी देखने को मिलती रही है। ऐसे में विजय के मुख्यमंत्री बनने के ऐतिहासिक मौके पर तृषा का मौजूद रहना फैंस के लिए भी खास बन गया।

तृषा सफेद रंग की कार में समारोह स्थल के लिए रवाना हुईं। इस दौरान बाहर मौजूद फोटोग्राफर्स को उन्होंने मुस्कुराकर अभिवादन भी किया। अभिनेत्री का सादा अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।

चुनाव के दौरान भी चर्चा में थीं तृषा

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के दौरान भी तृषा कृष्णन खूब चर्चा में रही थीं। जब शुरुआती रुझानों में विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम बढ़त बनाती नजर आ रही थी, उसी दौरान तृषा तिरुपति मंदिर पहुंची थीं।

उनकी मंदिर यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं। कई फैंस ने इसे विजय की जीत से जोड़कर देखा था। बाद में अभिनेत्री विजय के चेन्नई स्थित घर भी पहुंची थीं, जिसके बाद दोनों को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई थीं।

मतदान के दिन की पोस्ट भी हुई थी वायरल

चुनाव के दौरान मतदान करने के बाद तृषा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी। उस पोस्ट को लेकर भी फैंस ने दावा किया था कि अभिनेत्री ने अप्रत्यक्ष रूप से विजय का समर्थन किया है। हालांकि तृषा ने कभी भी इन चर्चाओं पर खुलकर प्रतिक्रिया नहीं दी।

कुछ समय पहले विजय और तृषा को चेन्नई में एक शादी समारोह में भी साथ देखा गया था। उस दौरान दोनों के वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।

विजय ने रचा राजनीतिक इतिहास

विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीतीं। इसके साथ ही पार्टी तमिलनाडु की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विजय की लोकप्रियता ने चुनाव में बड़ी भूमिका निभाई। अब उनके मुख्यमंत्री बनने के साथ ही राज्य की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है। फिलहाल सोशल मीडिया पर विजय के शपथ ग्रहण समारोह से ज्यादा तृषा कृष्णन की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। फैंस दोनों की दोस्ती को लेकर लगातार पोस्ट कर रहे हैं और समारोह की तस्वीरों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें

शपथ ग्रहण से पहले तमिलनाडु में सियासी ड्रामा, एटली समेत कई सितारों ने थलापति विजय को मुख्यमंत्री बनने की दी बधाई
Updated on:
10 May 2026 09:27 am
Published on:
10 May 2026 09:25 am
Also Read
View All