
Prakash Raj On Suvendu Adhikari Sting Operation (सोर्स- एक्स)
Prakash Raj On Suvendu Adhikari Sting Operation: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए पहली बार सरकार बनाई और सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। लेकिन जैसे ही उन्होंने सत्ता संभाली, सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई। अभिनेता प्रकाश राज ने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कई पोस्ट शेयर किए, जो अब तेजी से वायरल हो रहे हैं।
अपनी बेबाक राय रखने के लिए मशहूर प्रकाश राज ने एक पुराना वीडियो साझा किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्षों पहले सुवेंदु अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। इसी वीडियो को पोस्ट करते हुए अभिनेता ने बीजेपी को ‘वॉशिंग मशीन’ कहकर कटाक्ष किया। सोशल मीडिया पर उनके इस बयान ने नई बहस छेड़ दी है।
इसके अलावा प्रकाश राज ने अमित शाह का भी एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो शुवेंदु अधिकारी के खिलाफ भाषण देते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा- ये लोग कितने बेशर्म हैं।
प्रकाश राज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जो वीडियो साझा किया, उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक चुनावी सभा में भाषण देते नजर आ रहे हैं। उस दौरान सुवेंदु अधिकारी तृणमूल कांग्रेस का हिस्सा थे और कथित नारदा स्टिंग ऑपरेशन को लेकर विपक्ष के निशाने पर थे।
वीडियो में पीएम मोदी कथित रिश्वत मामले का जिक्र करते हुए सुवेंदु अधिकारी पर हमला बोलते दिखाई देते हैं। अभिनेता ने इसी क्लिप को शेयर कर बीजेपी पर सवाल उठाए और इशारों-इशारों में कहा कि पार्टी में शामिल होने के बाद नेताओं की छवि बदल जाती है।
प्रकाश राज का ‘वॉशिंग मशीन’ वाला तंज अब सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा में है। कई यूजर्स अभिनेता के समर्थन में नजर आए तो वहीं कई लोगों ने उनकी आलोचना भी की।
दरअसल, विपक्षी दल अक्सर बीजेपी पर आरोप लगाते रहे हैं कि दूसरे दलों से आने वाले नेताओं पर लगे आरोप पार्टी में शामिल होने के बाद शांत पड़ जाते हैं। प्रकाश राज ने भी इसी मुद्दे को लेकर व्यंग्य किया।
सिर्फ एक वीडियो ही नहीं, बल्कि अभिनेता ने एक और क्लिप शेयर कर बीजेपी पर निशाना साधा। इस वीडियो में सड़क किनारे प्रधानमंत्री मोदी के कई बड़े कटआउट दिखाई दे रहे थे। वीडियो पोस्ट करते हुए प्रकाश राज ने व्यंग्यात्मक अंदाज में भीड़ और प्रचार पर टिप्पणी की।
उनकी पोस्ट पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ ने अभिनेता की बातों को राजनीति पर तीखा व्यंग्य बताया, तो कुछ ने इसे अनावश्यक विवाद करार दिया।
हाल ही में प्रकाश राज तमिलनाडु की राजनीति को लेकर भी मुखर नजर आए थे। अभिनेता ने तमिलगा वेत्री कड़गम के नेता विजय को सरकार बनाने का न्योता देने में हो रही देरी पर सवाल उठाए थे। उन्होंने राज्यपाल से पूछा था कि आखिर नई सरकार के गठन में इतनी देरी क्यों हो रही है।
प्रकाश राज लंबे समय से केंद्र सरकार और बीजेपी की नीतियों पर खुलकर अपनी राय रखते आए हैं। यही वजह है कि उनके बयान अक्सर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन जाते हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल किया। सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पार्टी ने 200 से ज्यादा सीटें जीतकर इतिहास रच दिया। वहीं ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा।
सुवेंदु अधिकारी अब पश्चिम बंगाल के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री बन चुके हैं। ऐसे में राज्य की राजनीति में आने वाले दिनों में और भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
Published on:
10 May 2026 08:31 am
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
