
MLA Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। इस भव्य शादी समारोह में लाखों मेहमानों के लिए खाने-पीने का इंतजाम किया गया था, लेकिन समारोह के दौरान खाने के काउंटर पर मची अफरा-तफरी के वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। अब टीवी एक्टर और 'बिग बॉस 13' के पूर्व कंटेस्टेंट विशाल आदित्य सिंह ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने वायरल वीडियो में नजर आ रहे लोगों के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर लोगों में इतनी भी समझ और आत्मसम्मान क्यों नहीं है?
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को बिहार के बड़े शादी समारोहों में से एक बताया जा रहा है। खबरों के मुताबिक, इस आयोजन में करीब 4 से 5 लाख लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की गई थी। मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा तरह के व्यंजन तैयार किए गए थे।
हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ अलग ही नजारा दिखाई दिया। खाने के काउंटर पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई लोग खाने के लिए एक-दूसरे से धक्का-मुक्की करते नजर आए। कुछ वीडियो में प्लेटें हवा में उछालते और जमीन पर गिरे खाने को उठाते हुए लोग दिखाई दिए। यहां तक कि कुछ लोग बड़े बर्तनों से सीधे खाना निकालते नजर आए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियों के इस्तेमाल के दावे भी किए गए।
इन वीडियो को देखने के बाद विशाल आदित्य सिंह ने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि हम लोग कभी नहीं सुधरेंगे। अगर सुधर गए तो फिर ऐसी हरकतें कौन करेगा? उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वहां ऐसा कौन सा खास खाना मिल रहा था, जिसके लिए लोगों को इस तरह धक्का-मुक्की करनी पड़ी।
विशाल ने कहा कि वहां कोई लंदन या फ्रांस से नहीं आया था और न ही किसी दूसरी दुनिया के लोग पहुंचे थे। लोगों में थोड़ा कॉमन सेंस होना चाहिए।
विशाल ने आगे कहा कि वायरल वीडियो में जिस तरह लोग खाने के लिए टूट पड़े, उसे देखकर उन्हें बेहद बुरा लगा। उन्होंने कहा कि लोगों में खाने और अपनी इज्जत का भी ख्याल नहीं रहा। एक्टर के मुताबिक, जिन लोगों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, उनके घरों में भी खाने की व्यवस्था होगी। इसके बावजूद उन्होंने शादी में इस तरह का व्यवहार किया।
विशाल ने सवाल उठाया कि लोग आखिर शादी में देखने क्या गए थे? क्या किसी ने शादी का जश्न देखा, समारोह कैसे हुआ और क्या आयोजन किया गया, इस पर ध्यान दिया? उनके मुताबिक, लोग सिर्फ खाने के लिए सड़क पर खड़े दिखाई दे रहे थे। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर किसी की इज्जत नहीं बढ़ा सकते तो कम से कम उसे खराब भी नहीं करना चाहिए।
विशाल आदित्य सिंह ने इस घटना को बिहार की छवि से जोड़ते हुए लोगों से अपील की कि वे अपने राज्य के समर्थन में भी आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर खुलकर बोलना चाहिए और गलत व्यवहार को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। उन्होंने लोगों को अपने वोट के अधिकार का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने, कानून पर भरोसा रखने और ऐसी घटनाएं सामने आने पर उनका विरोध करने की भी सलाह दी।आखिर में विशाल ने अपनी बात 'जय बिहार' कहकर खत्म की। उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।