28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Entertainment / TV News / Bigg Boss 20: कश्मीर के बुरे दौर को याद करके भावुक हुए काजी तौकीर, बोले- मैंने तो कभी सिंपेथी नहीं ली

Bigg Boss 20: कश्मीर के बुरे दौर को याद करके भावुक हुए काजी तौकीर, बोले- मैंने तो कभी सिंपेथी नहीं ली

Qazi Touqeer Recalls Difficult Times In Kashmir: 'बिग बॉस 20' के लेटेस्ट एपिसोड में काजी तौकीर ने कश्मीर में बिताए बुरे दौर को याद किया है। उन्होंने कहा है कि वो किसी भी चीज को बताकर सहानुभूति नहीं लेना चाहते हैं लेकिन उन्होंने बहुत ही खराब समय देखा है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Himanshu Soni

•

Updated: 28 Nov 2026, 7:51 AM IST

Qazi Touqeer Recalls Difficult Times In Kashmir

काजी तौकीर (फोटो सोर्स- Instagram/colorstv)

Qazi Touqeer Recalls Difficult Times In Kashmir: रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच जमकर विवाद देखने को मिल रहा है। शो में अब काजी तौकीर और अरिश्फा खान के बीच भी जुबानी जंग छिड़ गई है। इस बहस के दौरान काजी ने अपनी जिंदगी के मुश्किल दिनों को याद करते हुए कश्मीर से जुड़े अपने अनुभवों के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि उन्होंने बचपन में ऐसे हालात देखे हैं, जिन्हें शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। इसके बावजूद उन्होंने कभी अपने संघर्षों का इस्तेमाल किसी रियलिटी शो में सहानुभूति पाने या मौका हासिल करने के लिए नहीं किया।

अरिश्फा खान से बहस के दौरान काजी ने कही ये बात

'बिग बॉस 20' के हालिया एपिसोड में अरिश्फा खान और काजी तौकीर के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। इस दौरान काजी ने अरिश्फा पर आरोप लगाया कि वह अक्सर अपनी जिंदगी की परेशानियों और संघर्षों का जिक्र करती हैं। अपनी बात समझाते हुए काजी ने कहा कि अगर वह चाहते तो अपनी जिंदगी के मुश्किल अनुभवों को भी लोगों के सामने रखकर सहानुभूति हासिल कर सकते थे।

काजी ने कहा, 'मैं तो कश्मीर से हूं। मैंने बड़े होते हुए जिंदगी में बहुत अलग और मुश्किल चीजें देखी हैं। क्या मैं उनका इस्तेमाल कर रहा हूं?' उन्होंने आगे कहा कि इन परिस्थितियों ने उन्हें मजबूत बनाया है, लेकिन उन्होंने कभी इन्हें अपनी पहचान या किसी मौके को हासिल करने का जरिया नहीं बनाया।

'मैंने कभी अपने संघर्षों का इस्तेमाल नहीं किया'

काजी ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि करीब 20 साल पहले जब वह रियलिटी शो में शामिल हुए थे, तब भी उन्होंने अपने निजी संघर्षों को दर्शकों के सामने रखकर सहानुभूति हासिल करने की कोशिश नहीं की थी। उन्हें इस बात पर गर्व है कि उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पहचान बनाई।

उन्होंने रियलिटी शो में आने वाले कुछ दूसरे कंटेस्टेंट्स पर भी निशाना साधा। काजी के मुताबिक, उन्होंने कई ऐसे प्रतिभागियों को देखा है, जो अपने निजी संघर्षों और पारिवारिक परिस्थितियों का जिक्र करके शो में मौका मांगते हैं।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ लोग कश्मीर के हालात का हवाला देकर कहते हैं कि उन्हें मौका दिया जाए और फिर गाना गाते हैं। लेकिन उन्होंने खुद कभी ऐसा नहीं किया। काजी ने साफ कहा कि उन्हें अपने इस फैसले पर गर्व है।

काजी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है। उनके कुछ प्रशंसक इस बयान को उनकी बेबाकी बता रहे हैं। वहीं, इस बहस को लेकर दर्शकों के बीच अलग-अलग राय देखने को मिल रही है।

कौन हैं काजी तौकीर?

काजी तौकीर जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से ताल्लुक रखते हैं। उन्हें साल 2005 में सिंगिंग रियलिटी शो 'फेम गुरुकुल' से बड़ी पहचान मिली थी। इस शो में उन्होंने रूपरेखा बनर्जी के साथ जीत हासिल की थी। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित हुए इस शो के बाद काजी घर-घर में लोकप्रिय हो गए थे।

इसके बाद साल 2009 में वह रियलिटी शो 'सरकार की दुनिया' में भी नजर आए। उन्होंने फिल्मों में भी काम किया है। साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म 'फैंटम' के चर्चित गाने 'अफगान जलेबी' में भी काजी दिखाई दिए थे।

काफी समय तक मुख्यधारा के टेलीविजन से दूर रहने के बाद अब उन्होंने 'बिग बॉस 20' के जरिए रियलिटी टीवी पर वापसी की है। शो में उनके बेबाक अंदाज और दूसरे कंटेस्टेंट्स के साथ होने वाली बहसों के कारण वह लगातार चर्चा में बने हुए हैं।