
एटा। एटा पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने पाकिस्तान और कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बंदर घुड़की दे रहा है। इतना ही नहीं उन्होंने कांग्रेस को पाकिस्तान का पक्षधर भी बताया है।
गांधी परिवार पर जमकर बरसे रजनीकांत
गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए रजनीकांत ने कहा कि उनके बाप दादाओं का सॉफ्ट कॉर्नर नहीं होता तो आज पाकिस्तान का सृजन नहीं होता। उनके बाप और दादा का सॉफ्ट कॉर्नर था तभी धारा 370 और 335 A अब तक रहा और कश्मीर कमजोर होता रहा। आतंकवाद हावी करने के लिए ये कांग्रेस की नीति रही है। इसलिए कांग्रेस पाकिस्तान की पक्षधर रही है। भारतीय इतिहास बताता है कि कांग्रेस ने देश के संविधान को कमजोर किया है और देश की संस्कृति को भी कमजोर किया है।
बंदर घुड़की दे रहा है पाकिस्तान
भाजपा के संगठन पर्व कार्यक्रम में शामिल होने एटा पहुंचे रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि पाकिस्तान बार बार बंदर घुड़की देता है और बार-बार मात खाता है। उन्होंने कहा कि धारा 370 व 35A का भारत का आंतरिक विषय था इसमें पाकिस्तान का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि हम अपने देश में कोई भी निर्णय ले सकते हैं पाकिस्तान इसमें बेवजह हस्तक्षेप कर रहा है। जहां तक कश्मीर का विषय है तो कश्मीर पहले से हमारा था और आज भी हमारा है।
साथ ही रजनीकांत ने कहा कि विश्व भर में मुस्लिम समुदाय भारत का समर्थन कर रहे हैं। पाकिस्तान इससे अलग थलग पड़ गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि पाकिस्तान यदि हमला करता है तो हमने कोई चूड़ी नहीं पहन रखी हैं, करारा जवाब मिलेगा।