
Mother Daughter Murder Case: एटा के अवागढ़ थाना क्षेत्र में मां-बेटी के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतका प्रियंका के एक स्थानीय प्रॉपर्टी डीलर से रिलेशन थे। इसी बात से नाराज होकर उसके पति रुकम ने अपने पिता और दोस्तों के साथ मिलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने अपनी पत्नी और सास दोनों की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चों के सामने ही प्रियंका और कमला देवी के सिर और चेहरे पर हथौड़े से हमला किया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में सियाराम समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सियाराम ने पूछताछ में बताया कि उसके बेटे रुकमपाल की पत्नी प्रियंका के एक प्रॉपर्टी डीलर से संबंध थे। इसे लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। आरोपी का कहना है कि प्रॉपर्टी डीलर प्रियंका के बच्चों को गिफ्ट्स भी देता था, जो परिवार को नागवार गुजरता था। रुकमपाल और उसके परिजनों ने प्रियंका को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। प्रियंका की मां कमला देवी भी उनके साथ ही रहती थीं। उन्हें शक था कि वह इस मामले में अपनी बेटी का समर्थन कर रही हैं। इसी के चलते दोनों की हत्या की साजिश रची गई।
घटना के समय घर में प्रियंका के बच्चे मौजूद थे। बड़ी बेटी कल्पना के मुताबिक, उसके पिता और बाबा ने उसके सामने ही मां और नानी पर हमला किया। कल्पना ने पुलिस को बताया कि उसके पिता के हाथ में हथौड़ा था, जबकि बाबा के पास लोहे का हथियार था। उनके साथ गांव का एक और व्यक्ति भी था। तीनों को देखकर बच्चे डर गए।हमले के दौरान छोटी बहन बेहोश होकर गिर गई। कल्पना उसे संभालने लगी। इसी बीच आरोपी घर से भाग गए।
आरोपियों के घर से निकलने के बाद प्रियंका का छोटा बेटा राहुल करीब 3 किलोमीटर दूर थाने पहुंचा। उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डबल मर्डर की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. इलामारन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद बच्चों के बयान दर्ज किए। बड़ी बेटी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता और बाबा ने उनके सामने ही मां और नानी को मार दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रुकमपाल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में ही रहता था। घटना से दो दिन पहले उसका पिता सियाराम भी वहां आया था। पुलिस का कहना है कि दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई और रात में वारदात को अंजाम दिया। रुकमपाल के भाई ने पुलिस को बताया कि करीब 25 साल की शादी के बाद भी वह अपनी पत्नी पर शक करता था। इसी वजह से दोनों के बीच विवाद रहता था।
मृतका कमला देवी की उम्र 65 वर्ष थी, जबकि उनकी बेटी प्रियंका 40 साल की थी। प्रियंका अपनी मां की इकलौती बेटी थी। कल्पना ने बताया कि नाना की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। मां और नानी साथ रहती थीं। परिवार का बड़ा बेटा शहर में काम करता है।घटना अवागढ़ थाना क्षेत्र के यादव नगर मोहल्ले की है। यह जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।