समाजवादी पार्टी में शामिल होने की बात पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पार्टी में विलय का मौका अब निकल चुका है।
एटा। एटा के अलीगंज में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद लूट, बलात्कार और हत्याओं का ग्राफ काफी तेजी से बढ़ा है। गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, जिसको सरकार रोकने में असफल साबित हो रही है।
आजम खान को लेकर ये कहा
आजम खान को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार बदले की भावना से उनके खिलाफ काम कर रही है। वो हमारी पार्टी का हिस्सा नहीं हैं, वो तो सपा में हैं, ऐसे में उनके नेताओं को उनकी मदद करनी चाहिए।
सपा से विलय का समय निकल चुका
समाजवादी पार्टी में शामिल होने की बात पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उन्होंने समाजवादी पार्टी में सुलह के काफी प्रयास किए, लेकिन बात नहीं बनी। कुछ षडयंत्रकारियों के कारण पार्टी में विघटन की स्थितियां बनीं। अब समाजवादी पार्टी में विलय का मौका अब निकल चुका है। आगामी समय में गठबंधन समाजवादी ही क्या किसी भी पार्टी से जरूर हो सकता है। हालांकि इसको लेकर अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है।
2022 का विधानसभा चुनाव जीतने की तैयारी
शिवपाल यादव ने कहा कि अब हमारी पार्टी बन चुकी है और संघर्ष कर रही है। पार्टी का सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। अब उनका लक्ष्य 2022 का विधानसभा चुनाव जीतना है। उन्होंने बताया कि उपचुनाव में पार्टी द्वारा फिलहाल किसी भी प्रत्याशी को नहीं उतारा जा रहा है।