इटावा

हर्ष फायरिंग: गोली युवक के पेट में लगी, मचा कोहराम, बीएसएफ का जवान जम्मू कश्मीर में बने लाइसेंस सहित गिरफ्तार

Etawah Harsh firing: इटावा में हर्ष फायरिंग में चलाई गई गोली मौके पर मौजूद एक युवक को लग गई। जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। हर्ष फायरिंग करने वाला आरोपी बीएसएफ का जवान है। जिसकी पोस्टिंग राजस्थान में है।
2 min read
Dec 01, 2025
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी बीएसएफ जवान (फोटो सोर्स- इटावा पुलिस)
फोटो सोर्स- इटावा पुलिस)

Etawah Harsh Firing: इटावा में मांगलिक कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग करने का मामला सामने आया है। जिसमें 27 वर्षीय युवक के पेट में गोली लग गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगते ही मांगलिक कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई। परिजन तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से उसे हायर सेंटर ले गए। स्थानीय थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को लाइसेंसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया है। इटावा पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामला उसराहार थाना क्षेत्र का है।

हर्ष फायरिंग में 27 वर्षीय युवक को लगी गोली

उत्तर प्रदेश के उसराहार थाना क्षेत्र अंतर्गत उसराहार में शादी समारोह की धूम थी। सुमित कुमार कश्यप पुत्र कृष्ण पाल की शादी हो रही थी। इसी दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया। जिसमें शेष कुमार यादव पुत्र तेजपाल यादव निवासी बलीपुर थाना नगला खंगर जिला फिरोजाबाद ने हर्ष फायरिंग कर दी। जिनका हाल पता जनता कॉलोनी सब्जी मंडी थाना फ्रेंड्स कॉलोनी इटावा है।

उपचार के लिए आगरा ले गए

हर्ष फायरिंग की गोली मौके पर मौजूद पुष्कर गुप्ता (27) पुत्र अवधेश कुमार गुप्ता निवासी उसराहार को लग गई। पुष्कर गुप्ता को गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन पुष्कर गुप्ता को सैफई में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से परिजन उसे लेकर पुष्पांजलि हॉस्पिटल आगरा चले गए।

गिरफ्तार आरोपी बीएसएफ का जवान

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शेष कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया है। उसराहार थाना पुलिस के अनुसार लाइसेंस जम्मू कश्मीर में बना हुआ है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार शेष कुमार यादव बीएसएफ का जवान है और इस समय राजस्थान के जैसलमेर में पोस्टिंग है।

Updated on:
01 Dec 2025 08:46 pm
Published on:
01 Dec 2025 08:45 pm