इटावा सफारी पार्क में जानवरों का मांस सप्लाई करने के नाम पर मांस की आपूर्ति लंबे समय से की जा रही थी
इटावा. उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के फ्रेंडस कालोनी के आजाद नगर इलाके में 4 जानवरों को काटा जा रहा था। जानवरों को काटते के लिए इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन एक शख्स मौके पर ही फरार हो गया। इटावा सफारी पार्क में जानवरों का मांस सप्लाई करने के नाम पर मांस की आपूर्ति लंबे समय से की जा रही थी, जिसमें ठेकेदार लंबे समय से जुटे हुए थे। गिरफ्तार लोगों में एक वो शख्स भी है जो अखिलेश सरकार के महत्वाकांक्षी ड्रीम प्रोजेक्ट इटावा सफारी पार्क के वन्यजीवों के लिए मांस की सप्लाई करने का काम करता है।
गाय और भैंस काटते वक्त किया गया गिरफ्तार
इटावा के पुलिस उपाधीक्षक डा. अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने यहां बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आजाद नगर मोहाल में मंसूरी ट्रांसपोर्ट वाली गली में छापेमारी करके 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को गाय और भैंस काटते समय गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से एक कटी हुई गाय, जानवर काटने के उपकरण एक बुलेरो पीकप बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि गौवध अधिनियम के तहत पकडे गये सभी आरोपियो के खिलाफ रासुका के तहत कार्यवाही अमल मे लाई जायेगी।
गोवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
इन सभी के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है जिस पर कार्यवाही करते हुए फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस द्वारा इमामुद्दीन समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि हनीफ पुत्र शरीफ मौके से फरार हो गया है। उन्होंने बताया कि आजादगनगर के रहने वाले छुट्टन, वसीम, मोहम्मद इसरार और रिजवान को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इन सभी के कब्जे से 3 छुरी,एक गंडासा,एक कटी हुई गाय,एक बुलेरा पिकप यूपी 75 1189 तथा 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
60 किलो मांस की आपूर्ति
प्रतिबंधित जानवरों को काटने के मामले में गिरफतार किए रिजवान के बारे मे पता चला है कि यह इटावा सफारी पार्क को मांस सप्लाई करने का काम लंबे समय से करता हुआ चला आ रहा है। ये काम एक साल से चल रहा है, जिसमें अबतक 55 लाख तक का मांस सप्लाई किया गया है। यूपी में योगी सरकार बनने के बाद जब मांस की सप्लाई पर पुलिस का डंडा चला, तो आगरा में मांस की आपूर्ति शुरू की गयी। इसमें कभी 50, तो कभी 60 किलोे मांस की आपूर्ति की जाती थी।
डाक्टरों से परीक्षण कर पैक होकर आता था मांस
आगरा से आने वाला मांस वाकायदा पैक हो कर डाक्टरों की ओर से परीक्षण करके गाड़ी से लाया जाता था। लेकिन कुछ समय से ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि इटावा सफारी पार्क के जानवरों को मांस सप्लाई करने के नाम पर रिजवान प्रतिबंधित मांस की आपूर्ति इलाकाई लोगों को करने मे जुट गया था। इसकी शिकायतें पुख्ता तौर पर मिलने के बाद कार्यवाही की गई, जिसमें सबूत के तौर पर कटा हुआ मांस और प्रतिबंधित जानवर का कुछ हिस्से भी बरामद किये गये हैं।
रिजवान के बारे मे कहा जाता है कि जब कि अखिलेश यादव इटावा सफारी पार्क आया करते थे, तो वह स्वागत करने मे सबसे आगे रहा करता था और उनको प्रतीक चिन्ह भी दिया करता था। इसकी तस्वीरें सोशल साइट्स पर पोस्ट की हुई है।