Shivpal Singh Yadav इटावा में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सरकार संतों और मां गंगा का अपमान कर रही है। ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार है। थाने में वसूली हो रही है। घरेलू कनेक्शन में 11 लाख का बिजली का बिल दिखाया।
Shivpal Singh Yadav इटावा में शिवपाल सिंह यादव ने माघ मेले में हुई घटनाओं पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य और संतों का अपमान किया जा रहा है। मां गंगा का भी अपमान हो रहा है। सरकार संतों के नहाने की भी व्यवस्था नहीं कर पा रही है। मेले में संतों का ही सबसे बड़ा योगदान होता है। कुंभ मेले में हुई मौत का भी मामला उन्होंने उठाया। हमारी सरकार ने भी कुंभ मेले का आयोजन किया था, लेकिन कहीं कोई अव्यवस्था नहीं थी और ना ही पानी की कमी थी।
उत्तर प्रदेश के इटावा पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि केवल प्रचार-प्रसार करके पैसे की बर्बादी की जा रही है। मेले के नाम पर भ्रष्टाचार करके कमाई हो रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर पंचायत चुनाव समय से नहीं होते हैं तो यह लोकतंत्र का अपमान है। पंचायत चुनाव समय से होने चाहिए।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आज जनता और समाज का प्रत्येक वर्ग परेशान है। बजट की लूट हो रही है। कहीं पर भी काम नहीं हो रहा है। इस मौके पर शिवपाल सिंह यादव ने एक बिजली का बिल दिखाया। जिसमें उपभोक्ता को 11 लाख का दिया गया था। उन्होंने बताया कि घरेलू कनेक्शन में तीन-चार पंखे हैं और तीन-चार ही बल्ब हैं; कोई एसी नहीं लगा है, और 11 लाख का बिजली का बिल आया है।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जनता को बहुत परेशान किया जा रहा है। सरकारी कार्यालय चाहे वह थाना हो या कोई और, बिना पैसे के कहीं भी कोई कार्य नहीं होता है। जिला स्तर के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। नीचे से ऊपर तक भ्रष्टाचार है। हर तरीके से वसूली हो रही है।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सरकार की सभी योजनाएं फेल हैं। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने ओमप्रकाश राजभर को चोर कहा था के सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि कि दोनों में कोई कम नहीं है, ना कहने वाला ना सुनने वाला। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ऊपर से लेकर नीचे तक, मंत्री से लेकर संत्री तक सभी वही हैं।