यूरोप

लंदन में लगे मोदी ‘गो बैक’ के नारे, खालिस्तानी प्रदर्शनकारियों ने हटाया भारत का झंडा

लंदन में खालिस्तानी प्रदर्शनकारियों ने कॉमनवेल्थ देशों के राष्ट्रीय ध्वजों से भारत के तिरंगे को हटा दिया।
2 min read
london

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार रात लंदन के सेंट्रल हॉल वेस्टमिंस्टर में ‘भारत की बात सबके साथ’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम ने देश की लगातार बढ़ती ताकत के बारे में भी बताया। गुरुवार को जब पीएम कॉमनवेल्थ देशों की बैठक में भाग लेने वाले हैं, ऐसे में वहां खालिस्तानी प्रदर्शनकारियों ने बड़े कारनामे को अंजाम दे दिया है। दरअसल, यह बैठक जहां होने वाली है, वहां सभी कॉमनवेल्थ देशों के झंडे लगे हुए थे। लेकिन नारेबाजी कर रहे खालिस्तानी प्रदर्शनकारियेां ने वहां से भारतीय ध्वज को हटा दिया।

खालिस्तानी झंडा लहराने का प्रयास

यही नहीं तिरंगे को हटाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने खालिस्तानी झंडा लहराने का प्रयास किया। इसके साथ प्रदर्शनकारियों ने वहां मौजूद मीडियाकर्मियों से भी अभद्रता की। बता दें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी पांच दिवसीय विदेश यात्रा के दौरान लंदन में हैं। इस दौरान पीएम मोदी आज कॉमनवेल्थ देशों की बैठक में हिस्सा लेंगे। आपको बता दें कि पीएम मोदी की लंदन यात्रा के दौरान यहां उनके विरोध में कई तरह के प्रदर्शन हुए। यहां लोगों ने महिला सुरक्षा, कठुआ रेप केस में पीड़िता को इंसाफ दिलाने को लेकर लोगों ने प्रदर्शन किया।

वहीं, स्टॉकहोम में आयोजित शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व में नवाचारों में नार्डिक देशों की नेतृत्वकारी भूमिका पर भी जोर दिया। सम्मेलन में प्रधानमंत्रियों ने माना कि भारत और नार्डिक देशों की अनोखी शक्तियां व्यापार और निवेश के विविधीकरण और परस्पर लाभकारी सहयोग के प्रचुर अवसर उपलब्ध कराती हैं। स्टॉकहोम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, डेनमॉर्क के प्रधानमंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन, फिनलैंड के प्रधानमंत्री जुहा सिपिला, आइसलैंड की प्रधानमंत्री कैटरीन जैकब्स्डोट्टिर, नार्वे की प्रधानमंत्री एरना सोलबर्ग और स्वीडन के प्रधानमंत्री स्टीफन लोफवेन ने भारतीय और स्वीडिश प्रधानमंत्रियों की मेजबानी में आयोजित शिखर सम्मेलन में भाग लिया।

Updated on:
19 Apr 2018 10:45 am
Published on:
19 Apr 2018 11:09 am