जमीन पर गिरी कॉफी को साफ करने को लेकर पीएम मार्क की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है।
एम्सटर्डम। आजकल सोशल मीडिया पर दुनियाभर में एक वीडियो वायरल हो रही है। जिसमें नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रुते पोछा लगाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में वह डच की संसद में सफाई करते हुए नजर आ रहे हैं।
क्यों कर रहे हैं सफाई?
दरअसल पीएम मार्क रुते जब अपने एक सहयोगी के साथ डच पार्लियामेंट में दाखिल हो रहे थे। उस वक्त उनके हाथ में कुछ दस्तावेज और कॉफी थी। गेट को पार करते वक्त उनके हाथ से कॉफी जमीन पर गई। उन्होंने तभी कॉफी को साफ करने का फैसला किया। पार्लियामेंट के हाउसकीपिंग स्टाफ से पोछा मंगाया और उसे लेकर खुद ही गिरी हुई कॉफी को साफ करने लगे। देश के पीएम को पोछा लगाते देख संसद के कर्मचारी एकत्रित हो गए। कर्मचारियों ने पीएम को सलाम करते हुए उनके काम की सराहना की और जमकर तालियां बजाते रहे।
हो रही है दुनियाभर में तारीफ
पीएम मार्क की नेकदिली की तारीफ दुनियाभर में हो रही है। सोशल मीडिया पर डच पीएम की यह वीडियो काफी लोग पसंद कर रहे हैं और इस पर जमकर अपने कमेंट भी कर रहे हैं। इस घटना का वीडियो महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। इस वीडियो के साथ अपने संदेश में उन्होंने लिखा डच प्रधानमंत्री खुद के द्वारा गिरायी गई कॉफी को साफ करते हुए। मैं झुककर आपको सलाम करता हूं सर। विश्व पर्यावरण दिवस 2018 पर यह शानदार प्रतीकात्मक संदेश है कि हम लोगों ने अपनी धरती को भी गंदा कर दिया है और अब हमें खुद ही अपनी गंदगी को साफ करना होगा।
कई और लोगों ने तारीफ करते हुए और नेताओं को डच पीएम से सीख लेने के बारे में कहा है।