फर्रुखाबाद

पोते से रिवर्स करते समय अनियंत्रित हुई थार, दीवार और गाड़ी के बीच दबकर दादी की दर्दनाक मौत;VIDEO

Farrukhabad Thar accident : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां पोते से बैक करते समय थार गाड़ी अनकंट्रोल हो गई। दीवार के बीच दबने से दादी की मौके पर ही मौत हो गई।

2 min read
Feature image
थार बैक करते समय हुआ हादसा, दादी की मौत, PC- Video Grab, Image Enhance by Chatgpt

फर्रुखाबाद : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घर की खुशियां मातम में बदल गईं। अपने ही घर के आंगन में एक पोते की मामूली सी चूक उसकी दादी की मौत का कारण बन गई। थार गाड़ी को बैक करते समय हुए इस हादसे का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब परिवार का एक युवक अपनी महिंद्रा थार गाड़ी को घर के अंदर पार्क करने की कोशिश कर रहा था। घर की बुजुर्ग महिला (दादी) मुख्य गेट के पास खड़ी थीं ताकि गाड़ी अंदर आने के बाद वह दरवाजा बंद कर सकें।

जैसे ही युवक ने गाड़ी को बैक गियर में डाला, अचानक थार अनियंत्रित हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गाड़ी बेहद तेज रफ्तार के साथ पीछे की ओर दौड़ी। वहां खड़ी बुजुर्ग महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उन्होंने चीखते हुए गाड़ी को हाथों से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन भारी-भरकम थार की रफ्तार और ताकत के आगे वह बेबस नजर आईं।

दीवार और थार के बीच फंसी बुजुर्ग महिला

गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह महिला को घसीटते हुए पीछे ले गई और सीधे घर की दीवार से जा टकराई। महिला थार के पिछले हिस्से और दीवार के बीच बुरी तरह दब गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।

परिजनों ने आनन-फानन में महिला को बाहर निकाला, लेकिन मलबे और लोहे के बीच दबने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। अत्यधिक रक्तस्राव और अंदरूनी चोटों की वजह से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

अचानक एक्सीलेटर पर रख दिया पैर

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस इसे एक दुर्घटना मान रही है, जो शायद एक्सीलेटर पर अचानक पैर दबने या गियर की समझ न होने के कारण हुई। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या युवक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस था और क्या गाड़ी में कोई तकनीकी खराबी थी।

Updated on:
04 Apr 2026 03:35 pm
Published on:
04 Apr 2026 03:31 pm