UP News: फतेहपुर में बीजेपी विधायक कृष्णा पासवान ने फावड़ा उठा लिया। पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता की पोल खोलते हुए विधायक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
UP News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सत्ताधारी दल की विधायक ने ही सरकारी विभाग के काम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले की खागा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक कृष्णा पासवान जब क्षेत्र के भ्रमण पर निकलीं, तो उन्हें PWD (लोक निर्माण विभाग) द्वारा बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता में खामी नजर आई। इसके बाद जो हुआ उसकी चर्चा अब पूरे प्रदेश में हो रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि विधायक कृष्णा पासवान हाथ में फावड़ा लिए हुए हैं। वह सड़क के किनारे लगी तारकोल और बजरी की परत को फावड़े से खोदकर देख रही हैं। विधायक ने जैसे ही फावड़ा चलाया सड़क की परत मिट्टी की तरह उखड़ गई। इसे देख विधायक का पारा चढ़ गया और उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और ठेकेदारों को जमकर फटकार लगाई।
यह वीडियो इंटरनेट पर जमकर शेयर किया जा रहा है और लोग विधायक के इस 'ग्राउंड जीरो' एक्शन की तारीफ कर रहे हैं। जैसे ही यह वीडियो एक्स (ट्विटर) पर वायरल हुआ लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। यूजर्स ने विधायक के इस कदम को साहसी बताते हुए कई दिलचस्प कमेंट किए। एक यूजर ने लिखा, 'विधायक जी अपनी ही सरकार में भ्रष्टाचार के सवाल खड़े कर रही हैं और सिस्टम की पोल खोल रही हैं।' वहीं एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए कहा, 'यह विकास की सड़क नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की सड़क है जिसे विधायक ने फावड़े से खोदकर जनता के सामने रख दिया है।'
यह पहली बार नहीं है जब PWD विभाग के सड़क निर्माण पर सवाल उठे हों। लेकिन खुद एक सत्ताधारी विधायक द्वारा फावड़ा चलाकर गुणवत्ता की जांच करना विभाग के लिए बड़ी फजीहत का सबब बन गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने भी विधायक के साहस की सराहना की है। अब देखना यह है कि इस वायरल वीडियो के बाद संबंधित ठेकेदार और लापरवाह अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।