UP Crime: उत्तर प्रदेश में मकबरे की छत पर चढ़कर भगवा झंडा लहराया गया। जिसके बाद जमकर बवाल हो गया। जानिए विवाद की वजह और पूरा मामला क्या है?
UP Crime: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में स्थित एक मकबरे की छत पर चढ़कर भगवा लहराने का मामला सामने आया है। जिसके बाद दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी हुई।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे मकबरे वाली जगह पर एक पक्ष के 2 हजार लोग पहुंच गए। हालांकि वहां पुलिस की टीम पहले से मुस्तैद थी। बैरिकेडिंग मकबरे के चारों तरफ की गई थी। लेकिन लाठी-डंडे से लैस एक पक्ष के लोगों ने वहां अपना धार्मिक स्थल बताते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान कुछ लोगों ने मकबरे की छत पर चढ़कर भगवा झंड़ा लगा दिया।
मकबरे पर भगवा झंडा देख दूसरे पक्ष के लोग भड़क गए। ऐसे में दूसरे पक्ष के करीब डेढ़ हजार लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर बवाल हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव भी हुआ। दोनों पक्षों को पुलिस वालों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें खदेड़ना शुरू किया।
10 थानों की फोर्स सांप्रदायिक तनाव देखते हुए तुरंत बुलाई गई। इसके बाद एक पक्ष के लोगों ने मकबरे से 500 मीटर दूर डाक बंगला चौराहे पर जाम लगा दिया। सदर कोतवाली के आबूनगर इलाके का पूरा मामला बताया जा रहा है। ADG जोन प्रयागराज संजीव गुप्ता सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। इलाके में फ्लैग मार्च निकाला गया है। साथ ही ड्रोन कैमरे से चप्पे-चप्पे पर पुलिस की टीम निगरानी रख रही है। 6 जिलों के ASP, ADG के आदेश पर फतेहपुर रवाना किए गए हैं। चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़ और कानपुर देहात के इनमें ASP शामिल हैं.
मामले को लेकर SP अनूप सिंह का कहना है कि यहां फोर्स पहले से तैनात थी। कुछ अराजक तत्व उसके बावजूद अंदर पहुंच गए, जिन्हें खदेड़ा गया है। सिर्फ पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं तैनात हैं। झंडा हटा दिया गया है।