Personal Finance

पत्नी के बैंक को ‘लाभ पहुंचाने’ के लिए महाराष्ट्र सीएम के खिलाफ शिकायत

आरटीआई कार्यकर्ता ने ईडी को सीएम पद का दुरुपयोग करने की शिकायत की महाराष्ट्र पुलिस के सभी विभागों की सैलरी को निजी बैंक में ट्रासंफर करने को कहा बांबे हाईकोर्ट में डाली गई जनहित याचिका सुनवाई 29 अगस्त होगी
2 min read
• •
Updated: 28 Aug 2019, 12:40 PM IST
amruta_fadnavis.jpg

नई दिल्ली। नागपुर के एक आरटीआई कार्यकर्ता ने प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी ) में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ शिकायत की है और कथित रूप से अपने पद का दुरुपयोग कर उस निजी बैंक को कारोबारी लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया है, जिसमें उनकी पत्नी शीर्ष कॉर्पोरेट पद पर हैं।

कार्यकर्ता मोहनिश जे. जबलपुरे ने ईडी को लिखे पत्र में दावा किया है कि सरकार ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों के सैलरी अकाउंट को निजी एक्सिस बैंक में हस्तांतरित किया जाए।

उन्होंने कहा कि इससे जहां एक्सिस बैंक को लाभ हुआ, वहीं सरकारी बैंकों को भारी नुकसान हुआ, क्योंकि अभी तक विभाग की सैलरी उन बैंकों के खातों में ही जाती थी।

जबलपुरे ने आईएएनएस को बताया, "मैंने बंबई हाईकोर्ट (नागपुर पीठ) में पहले ही जनहित याचिका (पीआईएल) दाखिल कर रखी है, जिस पर गुरुवार (29 अगस्त) को सुनवाई होगी। इससे पहले मैंने मुख्य सचिव को पत्र लिखा था, लेकिन इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई।"

अपनी याचिका में जबलपुरे ने आरोप लगाया है कि फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस एक्सिस बैंक में वरिष्ठ पद पर हैं, इसलिए राज्यों के लाखों पुलिस वालों का खाता एक्सिस बैंक में हस्तांतरित (11 मई, 2017 को जारी परिपत्र) किया गया।

पेशेवर बैंकर अमृता फडणवीस (40) फिलहाल एक्सिस बैंक की उपाध्यक्ष और पश्चिम भारत की कॉर्पोरेट प्रमुख हैं। वह गायिका और सोशलाइट भी हैं। उन्होंने 2017 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मेजबानी में आयोजित नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

Published on: